हेडलाइन:
बैजनाथपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: संगठित चोरी गिरोह का भंडाफोड़, अवैध वाहन पार्ट्स व इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
खबर:
सहरसा। बैजनाथपुर पुलिस ने संगठित चोरी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अवैध वाहन पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भारी खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 5 फरवरी को गुप्त सूचना के आधार पर बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के मेहता चौक, वार्ड संख्या 22 स्थित कृष्णा मुरारी के कबाड़ी दुकान पर छापेमारी की गई। सूचना थी कि उक्त दुकान में चोरी के वाहन पार्ट्स और विद्युत उपकरणों की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बैजनाथपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान दुकान से विभिन्न कंपनियों के छह मोटरसाइकिल इंजन, तीन मोटरसाइकिल व स्कूटी की टंकी, चार ई-रिक्शा व टावर बैटरी, करीब 109 किलो ट्रांसफॉर्मर के पुर्जे (हुक्स व पट्टियां), एक टूटा हुआ देसी सिक्सर हथियार, एक सौकर, रिम सहित पांच मोटरसाइकिल टायर और एक वाइजर बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि ये सभी सामान अलग-अलग स्थानों से चोरी कर कबाड़ी के माध्यम से अवैध रूप से खरीदे और बेचे जा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में बैजनाथपुर निवासी कृष्ण मुरारी (पिता- सीताराम मेहता) और समदा सौरबाजार निवासी पिंकेश कुमार को गिरफ्तार किया है।
बैजनाथपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में बैजनाथपुर थानाध्यक्ष पु.अ.नि. अमित रंजन, परि.पु.अ.नि. नीरज कुमार, आसूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।