सुपौल में नशा तस्करी पर बड़ा वार: विधानसभा पास लगी दो इनोवा से 3280 बोतल कोरेक्स बरामद, 4 तस्कर गिरफ्तार
सुपौल।
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भपटियाही थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन जांच के दौरान बिहार विधानसभा कार पास स्टीकर लगी पटना नंबर प्लेट की दो इनोवा क्रिस्टा लग्जरी गाड़ियों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोरेक्स सिरप बरामद किया गया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 3280 बोतल नशीला सिरप, दो चारपहिया वाहन, चार मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। साथ ही चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
10 कार्टन विसकॉरेक्स, 12 कार्टन विस्कॉफ बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद खेप में 10 कार्टन से 1680 बोतल विसकॉरेक्स और 12 कार्टन से 1600 बोतल विस्कॉफ सिरप शामिल हैं। विस्कॉफ सिरप की अनुमानित कीमत 2,75,520 रुपये, जबकि विसकॉरेक्स की कीमत 2,91,379 रुपये आंकी गई है। कुल बरामद नशीले पदार्थों की कीमत करीब 5,66,899 रुपये बताई गई है।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
गुप्त सूचना के आधार पर भपटियाही थानाध्यक्ष प्रजेश दुबे के नेतृत्व में चिकनी धर्मकांटा और इंडो-नेपाल रोड पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान दो संदिग्ध इनोवा गाड़ियों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें नशीले सिरप की बड़ी खेप का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान
- रणधीर कुमार सिंह (निवासी—सोभी डुमारा, भोजपुर)
- कन्हैया महतो
- सोनू कुमार
- सुधीर कुमार
(तीनों निवासी—कदमकुआं थाना क्षेत्र, पटना)
के रूप में की गई है।
एसपी का सख्त संदेश
इस मामले में भपटियाही थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस बरामद नशीले सिरप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहन जांच कर रही है, ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
एसपी शरथ आरएस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इस कार्रवाई के बाद नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।