सहरसा। सहरसा नगर निगम की महापौर बेन प्रिया ने शनिवार को प्रेस कांफ्रेंस कर अपने खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को निराधार और सुनियोजित साजिश बताया। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एजेंटों के माध्यम से मीडिया प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर उनकी और उनके पति, पूर्व विधायक स्वर्गीय संजीव झा की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
महापौर ने कहा कि सहरसा की जागरूक जनता इस साजिश को समझती है। नगर निगम की स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली को कमजोर करने तथा विकास कार्यों से ध्यान भटकाने के उद्देश्य से यह सब किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि नगर विकास विभाग के मंत्री और प्रधान सचिव के हस्तक्षेप से निगम के खिलाफ रची जा रही साजिश को विफल कर दिया गया है।
‘भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस’
बेन प्रिया ने कहा कि उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। जिन लोगों के अवैध हित प्रभावित हुए हैं, वे ही अब अनर्गल आरोप और अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे न डरेंगी और न ही सहरसा के विकास को किसी साजिश के कारण रुकने देंगी।
विकास कार्य जारी, 16 करोड़ का वेस्ट-टू-कम्पोस्ट प्लांट
महापौर ने बताया कि सुपर मार्केट और अंबेडकर पुस्तकालय के पास मार्केट कॉम्प्लेक्स का निर्माण निर्धारित प्रक्रिया के तहत जारी है। वहीं गोबरगढ़ा क्षेत्र में वेस्ट-टू-कम्पोस्ट योजना के तहत करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से संयंत्र स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सहरसा का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और पारदर्शिता व जवाबदेही के लिए संघर्ष और तेज किया जाएगा।