बेंगलुरु से शादी का झांसा, सहरसा में गोली मारकर सिर-धड़ अलग: प्रेम संबंध से नाराज भाई पर हत्या का आरोप
सहरसा में नदी किनारे सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पहचान 26 वर्षीय राजेश कुमार के रूप में हुई। इस हत्याकांड में कथित तौर पर उसकी प्रेमिका के भाई बीरबल को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। बताया जाता है कि जिस युवती से राजेश के प्रेम संबंध थे, वह पहले से शादीशुदा है और इसी बात से उसका भाई नाराज था।
बेंगलुरु से बुलाकर रची साजिश
राजेश कुमार बेंगलुरु में रहकर काम करता था। आरोप है कि बीरबल ने उसे सहरसा बुलाने के लिए शादी का झांसा दिया। उसने कहा कि वह अपनी बहन से उसकी शादी करा देगा। इस पर राजेश सहरसा आ गया। यहां आरोपी उसे भोजन कराने के बहाने एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां पहले से साजिश रची गई थी।
गोली मारकर हत्या, पहचान छुपाने की कोशिश
सुनसान जगह पर आरोपी ने राजेश को गोली मार दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। धड़ को खेत में फेंक दिया गया, जबकि सिर को करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।
परिवार को नहीं थी आने की जानकारी
राजेश के परिजनों को यह तक पता नहीं था कि वह बेंगलुरु से सहरसा आया है। उसने घरवालों से कहा था कि वह होली पर घर आएगा। अचानक उसकी सिर कटी लाश मिलने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जांच में जुटी पुलिस, एक सहयोगी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के मित्र दर्शन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद हत्या की साजिश की परतें खुलनी शुरू हुईं। पुलिस मुख्य आरोपी बीरबल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।