Kosi Live-कोशी लाइव सम्राट चौधरी बने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री, विजय-बीजेंद्र को भी राज्यपाल ने दिलाई डिप्टी सीएम की शपथ - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 15, 2026

सम्राट चौधरी बने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री, विजय-बीजेंद्र को भी राज्यपाल ने दिलाई डिप्टी सीएम की शपथ

Samrat Choudhary Oath Ceremony: बिहार में नई सरकार का गठन हो गया है. भारतीय जनता पार्टी और एनडीए के नेता सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. वे बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बन गए हैं. पटना के लोक भवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया. यहां जर्मन हैंगर में कार्यक्रम हुआ. राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को शपथ दिलाई. उसके जदयू के नेता बीजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

शपथ से पहले मंदिर में पूजा

शपथ लेने से पहले सम्राट चौधरी पटना के राजवंशी नगर स्थित पंचरूपी हनुमान मंदिर पहुंचे. वहां उन्होंने पूजा की और आशीर्वाद लिया. सुबह से ही उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी. शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार, जेपी नड्डा, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और चिराग पासवान समेत एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद थे.

सम्राट बोले- नीतीश कुमार से सीखा काम करना

मंगलवार को भाजपा के नेता चुने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा कि उन्हें भाजपा ने काम करने का मौका दिया है. उन्होंने कहा कि वे करीब 30 साल से राजनीति में हैं. उन्होंने यह भी कहा कि मैंने नीतीश कुमार से बहुत कुछ सीखा है. उनके साथ रहकर सरकार चलाना सीखा. सम्राट ने कहा कि नीतीश कुमार ने जो समृद्ध बिहार का सपना देखा, उसे आगे बढ़ाया जाएगा.

1990 में पहली बार विधायक बने थे बीजेंद्र

डिप्टी सीएम बने बीजेंद्र यादव का राजनीतिक सफर ऐतिहासिक है. वे सुपौल विधानसभा सीट से लगातार नौवीं बार विधायक चुने गए हैं. बीजेंद्र ने छात्र जीवन में ही राजनीति में कदम रख दिया. उसके बाद जेपी आंदोलन में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई. 1990 में वे पहली बार विधायक बने थे.

नीतीश के संकटमोचक हैं विजय

जदयू से दूसरे डिप्टी सीएम बने विजय चौधरी नीतीश के भरोसेमंद नेताओं में से एक हैं. उन्हें नीतीश कुमार के संकटमोचक कहा जाता है. वे बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. साथ ही नीतीश सरकार में कई विभागों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. अब उन्हें सम्राट चौधरी के साथ बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है.