Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में RPF की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत ट्रेन के एसी कोच से 44 बोतल विदेशी शराब जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, February 16, 2026

सहरसा में RPF की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत ट्रेन के एसी कोच से 44 बोतल विदेशी शराब जब्त

सहरसा में RPF की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन ‘सतर्क’ के तहत ट्रेन के एसी कोच से 44 बोतल विदेशी शराब जब्त

सहरसा। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच (RPF) ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 15565 के एसी कोच से 44 बोतल विदेशी शराब बरामद की है। जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मध निषेध थाना, सहरसा को सौंप दिया गया है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार ने बताया कि ऑन ड्यूटी आरक्षी से मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना थी कि ललितग्राम स्टेशन से ट्रेन के खाली रेक के एसी कोच A-2 में शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। इसके बाद पोस्ट कमांडर ने संबंधित स्टाफ को सतर्क किया और ट्रेन के मार्गरक्षण दल को जांच में लगाया।

तलाशी के दौरान कोच की सीट के नीचे से 12 बोतल रॉयल स्टैग प्रीमियर व्हिस्की (750 एमएल) बरामद हुई। संदेह होने पर एसी कोच की सीलिंग की जांच कराई गई, जहां और शराब छिपी होने की पुष्टि हुई। उपकरण के अभाव में तत्काल सीलिंग नहीं खोली जा सकी, जिसके बाद ट्रेन को कड़ी निगरानी में ललितग्राम से सहरसा लाया गया।

सुबह 7:40 बजे सहरसा प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर ट्रेन पहुंचने के बाद कैरेज विभाग की मदद से कोच की सीलिंग खुलवाई गई। जांच में 12 बोतल रॉयल स्टैग (बैच-0316), 14 बोतल रॉयल स्टैग (बैच-0290), 3 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड (बैच-0104) और 3 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड (बैच-0101) बरामद हुईं। सभी बोतलें 750 एमएल की थीं और उन पर ‘फॉर सेल इन हरियाणा ओनली’ अंकित था।

कुल 44 बोतल (करीब 33 लीटर) विदेशी शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 31,400 रुपये आंकी गई है। मौके पर फर्द जब्ती सूची तैयार कर शराब को मध निषेध थाना, सहरसा को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।