मधेपुरा में होली पर प्रशासन अलर्ट: मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी, अवैध दवाएं जब्त; ब्रेथ एनालाइजर से वाहन जांच तेज
मधेपुरा जिला प्रशासन होली पर्व को शांतिपूर्ण और नशामुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए पूरी तरह अलर्ट पर है। जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरे जिले में मेडिकल स्टोरों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम जिला मुख्यालय, सिंहेश्वर और मेडिकल कॉलेज के पास उत्पाद अधीक्षक दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में कई दवा दुकानों पर औचक छापेमारी की गई।
होली के मद्देनजर प्रशासन का विशेष अभियान
छापेमारी दल में ड्रग इंस्पेक्टर राजीव कुमार और उत्पाद इंस्पेक्टर बबलू कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होली के मद्देनजर नशे पर पूर्ण नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के दौरान सिंहेश्वर स्थित सुमन मेडिकल और बेलहा घाट स्थित लक्ष्मी मेडिकल की जांच की गई। जांच में लक्ष्मी मेडिकल से बड़ी मात्रा में अवैध और संदिग्ध दवाएं बरामद हुईं, जिन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया। संबंधित दुकानदारों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने दोहराया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी दवा विक्रेता को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध दवाओं की बिक्री, नशीले पदार्थों की आपूर्ति और कानून के विरुद्ध किसी भी गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की जांच
होली को लेकर उत्पाद विभाग द्वारा जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है। ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की जांच की जा रही है और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जिले में विशेष सतर्कता के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। इनमें सदर थाना, उदाकिशुनगंज थाना और मोबाइल फोर्स की टीमें शामिल हैं, जो लगातार सक्रिय हैं। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
मद्य निषेध अधीक्षक दुर्गेश कुमार ने आम लोगों से अपील की है कि वे होली को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण में मनाएं तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।