Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:उर्वरक की अवैध ढुलाई का भंडाफोड़, पिकअप वाहन जब्त; दो गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, February 8, 2026

BIHAR:उर्वरक की अवैध ढुलाई का भंडाफोड़, पिकअप वाहन जब्त; दो गिरफ्तार

हेडलाईन:
पूर्णिया में उर्वरक की अवैध ढुलाई का भंडाफोड़, पिकअप वाहन जब्त; दो गिरफ्तार

पूरी खबर:
पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड अंतर्गत अनगढ़ थाना क्षेत्र में उर्वरक की अवैध ढुलाई और कालाबजारी का मामला सामने आया है। इस कार्रवाई से खाद की जमाखोरी करने वालों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी देते हुए प्रखंड कृषि पदाधिकारी (बीएओ) चंद्र भानु प्रकाश एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक शशि भूषण कुमार ने बताया कि 7 फरवरी की शाम करीब 8:30 बजे बीडीओ से सूचना मिली थी कि अनगढ़ थाना पुलिस ने एक पिकअप वाहन को जब्त किया है, जिसमें खाद्य सामग्री के साथ रासायनिक एवं जैविक उर्वरक लदे हुए हैं। सूचना मिलते ही दोनों अधिकारी रात करीब 10:30 बजे अनगढ़ थाना पहुंचे।

थाने में वाहन चालक दिलवर आलम (ग्राम बौलान, वार्ड संख्या-03, थाना रौटा, जिला पूर्णिया) तथा वाहन में मौजूद मो. आमिर राजा (पिता कमरूल हक, ग्राम अभयपुर, वार्ड संख्या-03) से उर्वरक से संबंधित वैध बिल एवं कागजात की मांग की गई, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में वाहन की जांच के दौरान मेसर्स मैटिक्स फर्टिलाइजर एंड केमिकल लिमिटेड का 36 बैग यूरिया (प्रति बैग 45 किलोग्राम), मेसर्स इंडियन पोटाश लिमिटेड का 24 बैग डीएपी (प्रति बैग 50 किलोग्राम), एक बैग एमओपी (50 किलोग्राम), मेट्रो जी ऑर्गेनिक मैन्योर बायो ग्रैन्यूल का एक डिब्बा, कीर्तिमान जाइम ग्रैन्यूल के 10 डिब्बे, सफल जाइम के 15 डिब्बे सहित अन्य सामग्री बरामद की गई।

अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया यह मामला उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के उल्लंघन का प्रतीत होता है। बरामद उर्वरकों को विधिवत जब्त कर लिया गया है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जाना उर्वरक की जमाखोरी एवं कालाबजारी की मंशा को दर्शाता है।

वहीं इस संबंध में अनगढ़ थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि बीएओ चंद्र भानु प्रकाश के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।