Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सुपौल में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, तीन युवकों की दर्दनाक मौत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, February 12, 2026

BIHAR:सुपौल में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें, तीन युवकों की दर्दनाक मौत

Bihar Accident News: बिहार के सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया. नेमनवा चौक के पास एनएच-327ए पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए.

टक्कर इतनी भीषण कि उड़ गए परखच्चे

स्थानीय लोगों के अनुसार टक्कर बेहद तेज थी. दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए. बाइक सवार युवक सड़क पर दूर-दूर जा गिरे. घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई. कुछ ही देर में आसपास के लोग जुट गए. माहौल गम और दहशत में बदल गया.

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, पुलिस मौके पर पहुंची

ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत मदद शुरू की. हादसे की सूचना किशनपुर थाना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवकों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं. फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है. घायलों के बारे में भी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस पहचान कराने में जुटी है और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है.

कुछ देर बाधित रहा यातायात

हादसे के बाद एनएच-327ए पर यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया. क्षतिग्रस्त बाइकों और मलबे को हटाने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. बाद में सड़क को साफ कर यातायात सामान्य कराया गया.

थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.