Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:पटना में कोचिंग की छत से गिरकर छात्रा की मौत, CCTV में दिखे 2 लड़के, पिता बोले- हत्या हुई है - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, February 12, 2026

BIHAR:पटना में कोचिंग की छत से गिरकर छात्रा की मौत, CCTV में दिखे 2 लड़के, पिता बोले- हत्या हुई है

Patna News: पटना के दानापुर में गुरुवार को 17 साल की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. छात्रा की पहचान पिंकी कुमारी के रूप में हुई है. वह फुलवारीशरीफ की रहने वाली थी. परिजनों के अनुसार वह सुबह 8 बजे घर से कोचिंग के लिए निकली थी. करीब 9 बजे परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली. छात्रा की बॉडी कोचिंग से थोड़ी दूरी पर सड़क पर पड़ी मिली. घटना AIIMS गोलंबर के पास हरी नगर कॉलोनी की है.

परिवार का आरोप- दुष्कर्म के बाद छत से फेंका

परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया. इसके बाद उसे कोचिंग की चौथी मंजिल से धक्का दिया गया. मीडिया से बातचीत में पिता ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो शव सड़क पर पड़ा था. शरीर पर चोट के निशान थे. उन्होंने हत्या की आशंका जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

CCTV में दिखी छात्रा और दो युवक

कोचिंग के CCTV फुटेज में छात्रा सफेद कपड़ों में सीढ़ियों से ऊपर जाती दिख रही है. उसके पीछे एक युवक जाता नजर आता है. थोड़ी देर बाद एक और युवक सीढ़ियों से ऊपर जाता दिखता है. फुटेज में छात्रा को ऊपर से गिरते हुए भी देखा गया है. उसके बाद दोनों युवक सीढ़ियों से नीचे लौटते दिखते हैं. वे कुछ पल रुककर नीचे पड़ी छात्रा को देखते हैं. फिर वहां से भाग जाते हैं. पुलिस ने यह फुटेज जब्त कर लिया है.

मौके से नहीं मिले खून के निशान

छात्रा की चप्पल पास में पड़ी मिली. लेकिन मौके से खून के निशान नहीं मिले. मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति साफ होगी.

तीन लोग हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन लोगों को डिटेन किया है. कोचिंग संचालक से भी पूछताछ हो रही है. आसपास के लोगों और छात्रा के साथियों से भी जानकारी ली जा रही है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. परिवार न्याय की मांग कर रहा है. इलाके में घटना को लेकर तनाव का माहौल है.