Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:खगड़िया NH-31 पर भीषण हादसा: पूर्णिया के जदयू नेता राजू मंडल की मौत, 4 साथी घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 20, 2026

BIHAR:खगड़िया NH-31 पर भीषण हादसा: पूर्णिया के जदयू नेता राजू मंडल की मौत, 4 साथी घायल

खगड़िया। शुक्रवार की अलसुबह खगड़िया जिले के पसराहा और सतीश नगर के बीच एनएच-31 पर खगड़िया की ओर जा रही एक कार नवगछिया की ओर से आ रहे किसी अज्ञात भारी वाहन से टकरा गई।

कार में सवार पांच युवकों में से राजू मंडल, पिता विनोद मंडल, निवासी जनता चौक, पूर्णिया ईस्ट, की मौके पर ही मौत हो गई। राजू मंडल जदयू से जुड़े हैं। पूर्णिया छात्र जदयू जिला अध्यक्ष हैं।

दुर्घटना में घायल चार युवकों को गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। घायलों में पिंटू कुमार, गुड्डू कुमार, भीम कुमार और सोनू कुमार शामिल हैं। सभी घायल रानीगंज, भगवानपुर, वार्ड नंबर-चार, अररिया के रहने वाले हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात खगड़िया, पटेल नगर, वार्ड नंबर-19 में राजेश पटवा की पुत्री मुस्कान की शादी अररिया जिले के सुमित के साथ संपन्न हुई थी। शादी में भाग लेने के बाद राजू मंडल और अन्य चार दोस्त कार पर सवार होकर खगड़िया लौट रहे थे। तभी पसराहा और सतीश नगर के बीच उनकी कार का सामना किसी अज्ञात भारी वाहन से हुआ और टक्कर लग गई।

सूचना मिलने पर पसराहा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायल युवकों को गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने राजू मंडल को मृत घोषित किया। मृतक का शव खगड़िया सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पसराहा थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की तलाश की जा रही है। दुर्घटना ग्रस्त कार को जप्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक राजू मंडल छात्र और जदयू का नेता था। सभी घायलों और मृतक का संबंध सुमित के दोस्त से बताया जा रहा है।

मालूम हो कि शुक्रवार की सुबह वर-वधु बसैटी, अररिया के लिए रवाना हो चुके हैं। शादी की बारात बसैटी, अररिया से खगड़िया आई हुई थी। दुर्घटना ने इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।