Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपा 246 किलो गांजा जब्त,असम नंबर ट्रक पकड़ा गया - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, February 28, 2026

BIHAR:सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपा 246 किलो गांजा जब्त,असम नंबर ट्रक पकड़ा गया

हेडलाइन:
सीमेंट की बोरियों के नीचे छिपा 246 किलो गांजा जब्त, गलगलिया में असम नंबर ट्रक पकड़ा गया

किशनगंज: असम से अररिया की ओर ले जाए जा रहे भारी मात्रा में गांजा को गलगलिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जब्त किया है। ट्रक पर ऊपर से सीमेंट के बैग लदे थे, जबकि नीचे विशेष रूप से बनाए गए तहखाने में मादक पदार्थ छिपाकर रखा गया था।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा एसडीपीओ-2 ठाकुरगंज के नेतृत्व में गलगलिया थानाध्यक्ष की अगुवाई में टीम गठित की गई थी। गश्ती दल, मद्यनिषेध टीम और प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट के साथ बंगाल की ओर से आने वाली वाहनों की सघन जांच की जा रही थी।

इसी क्रम में एक असम नंबर ट्रक को रोका गया। चालक से पूछताछ के दौरान संदेह होने पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सीमेंट की बोरियों के नीचे बने विशेष तहखाने से 39 पैकेट में कुल 246 किलो गांजा बरामद किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 23 लाख रुपये बताई जा रही है।

मामले में चालक और सह-चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार चालक की पहचान मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरौलिया गांव निवासी मो. जामिल के पुत्र इम्तियाज के रूप में हुई है। वहीं सह-चालक की पहचान फुलपरास थाना क्षेत्र के रामनगर गांव निवासी रामबहादुर ठाकुर के पुत्र विजय कुमार के रूप में की गई है।

इस अभियान में एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार सिंह, सअनि छबिला हाजरा, बीएचओ तरुण कुमार, रामानंद कुमार, चालक अशोक कुमार, गलगलिया थाना मद्यनिषेध टीम, चेक पोस्ट कर्मी एवं डीआईयू टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।