हेडलाइन:
सहरसा में महिषी थाना की बड़ी कार्रवाई, 9.985 किलो गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार
पूरी खबर:
सहरसा/महिषी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थ, शराब निर्माण, बिक्री, भंडारण एवं परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिषी थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 9.985 किलोग्राम गांजा के साथ चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
महिषी थाना के थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि कारू बाबा खिरहर मंदिर, महपुरा के पास कुछ लोग अपनी दुकानों में अवैध रूप से गांजा बेच रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय पदाधिकारी को अवगत कराते हुए सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए सशस्त्र बल के साथ छापेमारी दल का गठन किया गया।
तत्पश्चात पुलिस टीम ने ग्राम महपुरा, कारू बाबा खिरहर मंदिर के समीप छापेमारी शुरू की। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर कुछ दुकानदार भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें संदेह के आधार पर सशस्त्र बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपना नाम क्रमशः रांगो यादव, रणवीर यादव, राजन खिरहर एवं अन्दू यादव बताया। भागने का कारण पूछने पर सभी ने स्वीकार किया कि वे अपनी दुकानों में गांजा बेचते थे।
इसके बाद सभी गिरफ्तार अभियुक्तों एवं दुकानों की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें अलग-अलग दुकानों से प्लास्टिक की पन्नियों में रखा कुल 9.985 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजा को विधिवत जब्त कर चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस गांजा मंगवाने से जुड़े बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है तथा अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में महिषी थाना कांड संख्या 29/2026, दिनांक 03.02.2026, धारा 8/20(B)(ii)(B) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
बरामद सामान:
- गांजा – 9.985 किलोग्राम
गिरफ्तार अभियुक्तों का नाम-पता:
- रांगो यादव, पिता–स्व. शिबू यादव, निवासी–महपुरा, थाना–महिषी, जिला–सहरसा
- रणवीर यादव, पिता–रामधार यादव, निवासी–बेलवारा, थाना–कनरिया, जिला–सहरसा
- राजन खिरहर, पिता–स्व. जोगी खिरहर, निवासी–महपुरा, थाना–महिषी, जिला–सहरसा
- अन्दू यादव, पिता–चन्देश्वरी यादव, निवासी–बरेटा, थाना–महिषी, जिला–सहरसा
छापेमारी टीम में शामिल:
- पु.नि. जयशंकर कुमार, सह-थानाध्यक्ष, महिषी थाना
- पु.अ.नि. रंजित पासवान, महिषी थाना
- पीटीसी गजेन्द्र कुमार, महिषी थाना
- जिला आसूचना इकाई के पुलिस पदाधिकारी/कर्मी
- सशस्त्र बल, महिषी थाना
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।