Kosi Live-कोशी लाइव बिहार का अनोखा केस! इस गांव के सारे ब्राह्मणों पर हो गई FIR, 12 लोग गिरफ्तार, क्या है मामला? - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, February 4, 2026

बिहार का अनोखा केस! इस गांव के सारे ब्राह्मणों पर हो गई FIR, 12 लोग गिरफ्तार, क्या है मामला?

बिहार के दरभंगा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के हरिनगर गांव के 70 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर की गई है. ये सभी ब्राह्मण जाति से हैं.

साथ ही 100-150 अज्ञात को भी अभियुक्त बनाया गया है. एक पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि इस केस में 12 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. आगे की जांच हो रही है.

किस मामले में हुई यह कार्रवाई?

एफआईआर कॉपी के अनुसार, हरिनगर गांव निवासी अशर्फी पासवान ने कुशेश्वरस्थान थाने में आवेदन दिया है, जिसके आधार पर यह केस हुआ है. इसमें अशर्फी पासवान की ओर से कहा गया है कि मजदूरी का पैसा मांगने पर ब्राह्मणों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया. मारपीट भी की. इसी के बाद यह पूरा मामला थाने तक पहुंचा है.

अशर्फी पासवान ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि हेमंत झा के पास उनके बेटे की करीब 2.50 लाख मजदूरी है. करीब पांच साल पहले का ये बकाया है. 30 जनवरी (2026) को दोनों पक्षों की ओर से मामले को पंचायत में रखा गया. इसी दौरान हंगामा शुरू हो गया. इसके बाद 31 जनवरी की सुबह करीब 7 बजे जब उनका लड़का विक्रम सब्जी लेकर घर की ओर आ रहा था तो हेमंत झा, ओमप्रकाश झा आदि ने मिलकर लाठी-डंडे, लोहे की रॉड से हमला कर दिया. जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया.

आवेदन में सीधे तौर पर पहला आरोपी हेमंत झा को बनाया गया है. इनके सहित करीब 70 लोगों का नाम एफआईआर में है. आवेदन में कई और गंभीर आरोप लगाए गए हैं जिसकी जांच पुलिस करेगी. आरोपी ने अपने घर में घुसकर मारपीट करने के साथ दो लाख नकद, मोबाइल, एलसीडी टीवी आदि की चोरी करने तक का आरोप लगाया है.

इस पूरे मामले में बिरौल डीएसपी प्रभाकर तिवारी ने कहा कि घटना में 10 से अधिक लोग घायल हो गए थे. 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुराने विवाद में मारपीट हुई है.

एनसीआईबी ने एक्स हैंडल से शेयर की एफआईआर की कॉपी

घटना भले 30 और 31 जनवरी को हुई है लेकिन एफआईआर के बाद यह मामले अब सामने आया है. इस घटना को लेकर बीते मंगलवार (03 फरवरी, 2026) को एनसीआईबी (NCIB) की ओर से एक्स हैंडल पर एफआईआर की कॉपी शेयर करते हुए लिखा गया है, "बिहार के दरभंगा जिला में दर्ज इस अनोखी FIR में लिखे नामों को देखिए- पूरे गांव में कोई भी ब्राह्मण नहीं छूटा."