बिहार में पकड़ौआ विवाह की कहानी काफी पुरानी है. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एक बार फिर इसकी चर्चा होने लगी है. मामला बिहार के सुपौल जिले का है. सोशल मीडिया पर बीते मंगलवार (03 फरवरी, 2025) से एक नवविवाहित जोड़े का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
यह राजेश्वरी थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेश्वरी पंचायत के वार्ड नंबर 10 का बताया जा रहा है.
वायरल वीडियो और स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के अनुसार, घटना को कथित प्रेम-प्रसंग और जबरन कराए गए 'पकड़ौआ विवाह' से जोड़कर देखा जा रहा है. बताया जाता है कि दो दिन पूर्व संध्या लगभग पांच बजे एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए राजेश्वरी पंचायत के वार्ड नंबर 10 पहुंचा था. इसी दौरान लड़की के परिजनों और कुछ ग्रामीणों ने युवक को पकड़ लिया. इसके बाद दोनों का विवाह करा दिया.
नाबालिग बताई जा रही वीडियो में दिख रही लड़की
वायरल वीडियो जो सामने आया है उसमें दिख रहा है कि कुछ ग्रामीण युवक और लड़की से पूछताछ कर रहे हैं. इस दौरान वीडियो में युवक अपनी उम्र 22 वर्ष बताता है जबकि लड़की अपनी उम्र 15 साल बताती है. बताया जा रहा है कि लड़की राजेश्वरी पूर्वी पंचायत की है, जबकि युवक मधेपुरा जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र के रामनगर महेश इलाके का है.
वीडियो में ग्रामीण लड़के से पूछते हैं कि अगर तुम्हारे घर वालों ने तुम्हें नहीं रखा तो लड़की को कमा कर खिलाओगे न? इस पर लड़का हां कहता है. एक युवक पूछता है कि तुम क्या काम करते हो? इसके बाद लड़के को फिर कहता है कि वे अपने परिवार को बुलाए तब जाने दिया जाएगा.
मामले पर प्रशासन की ओर से नहीं आया कोई बयान
सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ है और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है. फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. यदि लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि होती है तो मामला गंभीर कानूनी दायरे में आ सकता है. अब सबकी नजरें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं कि वायरल वीडियो को कितनी गंभीरता से लिया जाता है. फिलहाल सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.