Kosi Live-कोशी लाइव कारोबारी सूरज बिहारी मर्डर के 10 दिन बाद पिता की भी मौत, बेटे की हत्या का सदमा नहीं झेल सके; हार्ट अटैक से निधन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 6, 2026

कारोबारी सूरज बिहारी मर्डर के 10 दिन बाद पिता की भी मौत, बेटे की हत्या का सदमा नहीं झेल सके; हार्ट अटैक से निधन

हेडलाइन:
कारोबारी सूरज बिहारी मर्डर के 10 दिन बाद पिता की भी मौत, बेटे की हत्या का सदमा नहीं झेल सके; हार्ट अटैक से निधन

पूर्णिया | चर्चित कारोबारी और फेमस ब्लॉगर सूरज बिहारी की हत्या के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत का गहरा सदमा उनके पिता जवाहर यादव सहन नहीं कर सके। शुक्रवार सुबह उन्हें हार्ट अटैक आया, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूरज बिहारी की हत्या के महज 10 दिन बाद पिता के निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर है।

बताया जा रहा है कि 27 जनवरी को बदमाशों ने सूरज बिहारी पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। 5 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से 3 गोलियां लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। इस दोहरी त्रासदी ने परिवार को पूरी तरह तोड़ कर रख दिया है। मोहल्ले से लेकर शहर तक मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

ऋषिकेश से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, बेटे की हत्या के बाद से जवाहर यादव गहरे सदमे में थे। वे किसी से बात नहीं करते थे और अकेले रहना पसंद करने लगे थे। कुछ दिन पहले वे ऋषिकेश जाकर बेटे का अस्थि कलश गंगा में विसर्जित कर लौटे थे, लेकिन मन का दर्द कम नहीं हुआ। शुक्रवार सुबह अचानक सीने में तेज दर्द उठा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV में कैद हुई थी फायरिंग
सूरज बिहारी की हत्या से जुड़े CCTV फुटेज भी सामने आए थे, जिनमें ब्लैक स्कॉर्पियो के पीछे एक शख्स दौड़ता हुआ और व्हाइट टी-शर्ट पहना व्यक्ति फायरिंग करता नजर आ रहा है। घटना के बाद सूरज की स्कॉर्पियो पर गोलियों के निशान भी मिले थे।

20 साल की उम्र में संभाला था कारोबार
सदर थाना क्षेत्र के खुश्कीबाग चौहान टोला निवासी सूरज बिहारी ने महज 20 साल की उम्र में पिता का कारोबार संभाल लिया था। उन्होंने मक्का गोदाम, बिल्डिंग मैटेरियल और रियल एस्टेट के क्षेत्र में तेजी से तरक्की की। शहर में उनके 18 बड़े गोदाम थे। उनकी मासिक आमदनी करीब 60 लाख रुपए और सालाना कारोबार लगभग 15 करोड़ रुपए बताया जाता है।

एक आरोपी गिरफ्तार, कुर्की की तैयारी
29 जनवरी को STF की मदद से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई तीन बाइक जब्त की और विशाल कुमार नामक युवक को देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। इस मामले में 7 नामजद और 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज है। फरार आरोपियों के घरों पर कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट से आदेश लिया गया है, जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।