सहरसा में एलएंडटी फाइनेंस कर्मी से लूट मामले में पुलिस को सफलता, एक आरोपी गिरफ्तार
पूरी खबर :
सहरसा जिले में एलएंडटी फाइनेंस कंपनी के कर्मी से हुई लूट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में पुलिस ने एक अप्राथमिकी अभियुक्त छोटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार खगड़िया जिले के महेशखूंट निवासी गुड्डू कुमार एलएंडटी फाइनेंस कंपनी में कर्मी हैं और प्रतिदिन की तरह 10 जनवरी को विभिन्न गांवों में कलेक्शन कार्य कर रहे थे। दोपहर करीब 11 बजे वह एक गांव पहुंचे थे और वहां से दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर हमीदपुर के लिए रवाना हुए।
इसी दौरान गांव से कुछ दूरी पर बांसवाड़ी के पास एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि दो बदमाशों ने उनका हाथ पकड़ लिया जबकि तीसरे बदमाश ने पिस्टल दिखाकर उनके पैंट की जेब से 49 हजार 300 रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित कर्मी ने बख्तियारपुर थाना में इसकी सूचना दी, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार ने बताया कि पुलिस ने छापेमारी कर पहाड़पुर क्षेत्र से एक बदमाश को गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।