Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा पुलिस में मातम: 3 थानाध्यक्षों की मौत से मचा कोहराम, आधी रात बेगूसराय पहुंचे SP समेत सभी अधिकारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 12, 2026

मधेपुरा पुलिस में मातम: 3 थानाध्यक्षों की मौत से मचा कोहराम, आधी रात बेगूसराय पहुंचे SP समेत सभी अधिकारी

मधेपुरा। मधेपुरा पुलिस के तीन जांबाज अधिकारियों की दर्दनाक मौत की खबर मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में कोहराम मच गया। गुरुवार की रात करीब 12:30 बजे हादसे की सूचना मिलते ही एसपी संदीप सिंह, एएसपी प्रवेंद्र भारती, उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार, मधेपुरा थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार समेत जिले के सभी वरीय अधिकारी तत्काल बेगूसराय के लिए रवाना हो गए।

राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में मधेपुरा जिले के अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान और बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार की मौत ने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में निजी वाहन चालक ज्योतिष कुमार की भी जान चली गई।

एसपी संदीप सिंह समेत सभी अधिकारी सबसे पहले बेगूसराय के साहेबपुरकमाल पीएचसी पहुंचे, जहां अरार थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र अमरेंद्र, बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार और चालक ज्योतिष कुमार के शव रखे गए थे। वहीं रतवारा थानाध्यक्ष साजन कुमार पासवान गंभीर रूप से घायल थे और उनका इलाज चल रहा था, लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

बेगूसराय में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों अधिकारियों के शव लेकर लौट रहे एसपी संदीप सिंह ने भावुक स्वर में कहा कि यह पीड़ा असहनीय है। उन्होंने कहा, “इस दर्द को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। हमने अपने तीन बहादुर और समर्पित अधिकारियों को खो दिया है।”

उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि रात करीब 11 बजे उनकी बेलारी थानाध्यक्ष नीरज कुमार से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय वे लोग बेगूसराय के पास थे। इसके ठीक डेढ़ घंटे बाद रात 12:30 बजे दुर्घटना की सूचना मिली। खबर मिलते ही वे तुरंत साहेबपुरकमाल पहुंचे। पीएचसी में अपने साथियों के शव देखकर सभी अधिकारी स्तब्ध रह गए।

सुधाकर कुमार ने बताया कि नीरज कुमार उनके साथ करीब एक वर्ष तक उदाकिशुनगंज थाना में पदस्थापित रहे थे। महज एक सप्ताह पहले ही उन्हें बेलारी थाना का थानाध्यक्ष बनाया गया था। उन्होंने कहा कि नीरज छोटे भाई की तरह थे और हर सुख-दुख की बातें उनसे साझा करते थे।

मधेपुरा सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिले के सभी अधिकारी बेगूसराय के लिए निकल पड़े। रात करीब 12:40 बजे फोन पर हादसे की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल वरीय अधिकारियों से संपर्क किया गया। उस समय तक कई अधिकारी बेगूसराय के लिए रवाना हो चुके थे।

इस दर्दनाक हादसे ने न केवल मधेपुरा पुलिस बल्कि पूरे बिहार पुलिस महकमे को गहरे शोक में डाल दिया है। एक साथ तीन थानाध्यक्षों की मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की आंखें नम हैं, वहीं दिवंगत अधिकारियों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।