पूर्णिया में नौकरी के नाम पर ठगी का बड़ा खुलासा, डायल 112 के दो ड्राइवर समेत 4 गिरफ्तार
पूर्णिया। जिले में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को प्राइवेट बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। चौंकाने वाली बात यह है कि इस फर्जीवाड़े में बिहार पुलिस से जुड़े डायल 112 के दो ड्राइवर भी शामिल पाए गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
नौकरी दिलाने के नाम पर वसूली गई मोटी रकम
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने एक युवक से प्राइवेट बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब दो लाख रुपये की मांग की थी, जिसमें से 1 लाख 70 हजार रुपये वसूल भी लिए गए। जब काफी समय बीतने के बावजूद नौकरी नहीं लगी, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने इसकी शिकायत पुलिस से की।
एसपी तक पहुंचते ही हरकत में आई पुलिस
जिला पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने बताया कि 6 जनवरी 2026 को रोहन कुमार साह (25 वर्ष), पिता गुलाबचंद साह, निवासी पलासी, थाना नरपतगंज, जिला अररिया ने के. नगर थाना में लिखित आवेदन दिया। आवेदन में बताया गया कि अजय कुमार यादव (28 वर्ष), पिता मंगल प्रसाद यादव, निवासी जानकीनगर, थाना जानकीनगर, जिला पूर्णिया ने प्राइवेट बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे दो लाख रुपये की मांग की थी।
पीड़ित के अनुसार 4 जनवरी 2026 को अजय यादव ने उससे 1 लाख 70 हजार रुपये ले लिए। इस लेन-देन में डायल 112 के एक ड्राइवर की भूमिका भी सामने आई, जिसने अजय यादव को सहयोग किया।
चारों आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान इस ठगी गिरोह में कुल चार लोगों की संलिप्तता सामने आई, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है —
- अजय कुमार यादव, पिता — मंगल प्रसाद यादव, निवासी जानकीनगर, जिला पूर्णिया
- नवीन कुमार, पिता — महेंद्र प्रसाद, निवासी चकमका वार्ड-9, जानकीनगर
- नितेश कुमार, पिता — दिलीप मंडल, निवासी लकुनुवा गांव, थाना बोसी बसेटी, जिला अररिया (डायल 112 ड्राइवर, के. नगर थाना क्षेत्र)
- रविंद्र कुमार, पिता — उपेंद्र महतो, निवासी रामपुर तिलक वार्ड-15, थाना जानकीनगर (डायल 112 ड्राइवर, चम्पानगर थाना)
जेल भेजे गए आरोपी, जांच जारी
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और जांच लगातार जारी है।
युवाओं से पुलिस की अपील
पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो सतर्क रहें। किसी भी नौकरी के लिए पैसे न दें और ठगी की आशंका होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।