Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:708.7 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सहरसा ले जाने की थी तैयारी; सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, June 3, 2026

BIHAR:708.7 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सहरसा ले जाने की थी तैयारी; सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

अररिया में 708.7 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, सहरसा ले जाने की थी तैयारी; सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

अररिया। जिले की नगर थाना पुलिस ने एसटीएफ पटना की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 708.7 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 540 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सरोजा वार्ड संख्या-09 निवासी रंधीर कुमार (27) तथा बिहरा थाना क्षेत्र के नंदलाली गांव निवासी गुड्डू कुमार (26) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को अररिया के गोढ़ी चौक स्थित एनएच-27 टोल गेट के समीप एक बस से उतरते समय हिरासत में लिया गया।

एसटीएफ की सूचना पर बिछाया गया जाल

नगर थाना पुलिस के अनुसार एसटीएफ पटना से सूचना मिली थी कि जोकीहाट-अररिया जीरो माइल मार्ग से होकर दो व्यक्ति बस के जरिए भारी मात्रा में स्मैक लेकर सहरसा जा रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस हरकत में आई और दंडाधिकारी नौशाद आलम की मौजूदगी में गोढ़ी चौक टोल गेट के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

जांच के दौरान संदिग्ध बस को रोककर दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा-50 के तहत दंडाधिकारी की उपस्थिति में उनकी तलाशी ली गई।

तलाशी में मिली भारी मात्रा में स्मैक

पुलिस जांच में रंधीर कुमार के पास से 308 ग्राम तथा गुड्डू कुमार के पास से 400.7 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) बरामद हुई। कुल बरामद मादक पदार्थ का वजन 708.7 ग्राम पाया गया। इसके अलावा दोनों आरोपियों के पास से एक-एक मोबाइल फोन और नकदी भी जब्त की गई।

पूछताछ में सप्लायर का नाम आया सामने

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि बरामद स्मैक उन्होंने मो. मुस्तफा नामक व्यक्ति से खरीदी थी। आरोपियों ने पुलिस को सप्लायर का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया है। इसके बाद पुलिस अब मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुई प्राथमिकी

इस मामले में नगर थाना में कांड संख्या 294/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(C)/21(C) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच तेज

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह सिर्फ दो तस्करों की गिरफ्तारी का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे सक्रिय बड़े नशा तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। बरामद मोबाइल फोन के कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

अररिया पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।