कटिहार पुलिस का बड़ा खुलासा: तीन देसी कट्टा, 9 किलो गांजा, 101 ग्राम स्मैक व 3.55 लाख नकद बरामद, चार तस्कर गिरफ्तार
कटिहार। कटिहार नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से तीन देसी कट्टा, चार कारतूस, करीब नौ किलो गांजा, 101 ग्राम स्मैक और 3.55 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद किया है।
एसपी शिखर चौधरी ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि नगर थानाध्यक्ष सुमन सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि डहेरिया लक्ष्मी टोला निवासी रितेश कुमार अपने घर में अवैध हथियार और मादक पदार्थ रखे हुए है। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान रितेश कुमार के घर से तीन देसी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, 8.07 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, एक मोबाइल फोन, भूमि एग्रीमेंट से संबंधित कागजात तथा 3,55,040 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके बाद रितेश कुमार (पिता — स्व. रघु राम) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान रितेश की स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस को नवगछिया निवासी सुजीत कुमार के मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने बाटा चौक, कटिहार से बाइक सवार सुजीत कुमार (पिता — नित्यानंद मंडल, हरनाथ चक, थाना नवगछिया, जिला भागलपुर) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 9.167 किलोग्राम गांजा, 101.57 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और 410 रुपये नकद बरामद किए गए।
दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर गिरोह में शामिल दो अन्य आरोपियों — उमेश महतो उर्फ बल्लू (पिता कपिलदेव महतो) और जलज कुमार (पिता दीपक कुमार), दोनों डहेरिया, थाना नगर, जिला कटिहार — को भी गिरफ्तार किया गया।
एसपी ने बताया कि इस संबंध में नगर थाना में कांड दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस गिरोह के अन्य संभावित नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों की भी जांच कर रही है।