Kosi Live-कोशी लाइव CRIME:बिहार में हथियारबंद लुटेरों का तांडव, बंदूक की नोक पर सीएसपी संचालक से लाखों की लूट, कई राउंड फायरिंग - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, December 18, 2025

CRIME:बिहार में हथियारबंद लुटेरों का तांडव, बंदूक की नोक पर सीएसपी संचालक से लाखों की लूट, कई राउंड फायरिंग

बिहार के अररिया जिले के फारविसगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया.

परवाहा पंचायत के घीवाहा गांव स्थित बाबा चौक पर चार अज्ञात बदमाशों ने एक सीएसपी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक की दुकान में घुसकर हथियार के बल पर करीब 1 लाख 30 हजार रुपये लूट लिए. वारदात के दौरान अपराधियों ने चार से पांच राउंड फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

दो बाइक से पहुंचे थे चेहरे ढंके हुए चार अपराधी

पीड़ित सीएसपी संचालक मुकेश कुमार मंडल ने बताया कि वे सुबह दुकान खोलकर बैठे थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी वहां पहुंचे. तीन अपराधी दुकान के बाहर खड़े रहे, जबकि एक अपराधी अंदर घुसा. सभी अपराधियों के चेहरे ढंके हुए थे. अंदर घुसते ही अपराधी ने फायरिंग शुरू कर दी. गोली चलने की आवाज सुनते ही मुकेश कुमार जान बचाकर दुकान से बाहर भागे और शोर मचाने लगे. इसके बाद अपराधियों ने चार से पांच राउंड फायरिंग करते हुए नकद लूट ली और फरार हो गए.

आक्रोशित ग्रामीणों ने घंटों तक जाम किया एसएच-92

घटना के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई. नाराज स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर परवाहा चौक से छातापुर जाने वाली एसएच-92 को घंटों जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर जमकर विरोध किया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. मौके पर उपमुखिया वीरेश यादव, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि ललित कुमार ठाकुर और वार्ड सदस्य प्रतिनिधि भुवनेश्वरी यादव ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम हटाया गया.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

इधर, घटना की सूचना मिलते ही दारोगा सत्येंद्र कुमार गुप्ता और दारोगा अमित राज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.