उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के शाहजादपुर और नयानगर गांव में सोमवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस की रेड में दो कट्टा, एक दो नाली बंदूक, एक मास्केट, दो राइफल, एक लोडेड कारबाइन, एक कारबाइन का खाली मैगजीन, बिंडोलिया समेत 22 कारतूस, पांच खोखा और तीन एंड्रायड मोबाइल बरामद किया गया।
साथ ही तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया गया। हथियार तस्करी का तार खगड़िया और मुंगेर से जुड़ा हुआ है। पुलिस की छापेमारी में गिरोह के तीन सदस्य शाहजादपुर के विराट कुमार सिंह, नयानगर के अंजय कुमार सिंह उर्फ छोटू व नयानगर के अमन कुमार सिंह गिरफ्तार किए लेकिन एक अन्य सदस्य रतवारा थाना क्षेत्र के बड़गांव का पवन कुमार सिंह अभी फरार है।
एसपी संदीप सिंह ने बताया कि सोमवार की रात शाहजादपुर गांव के वार्ड संख्या चार निवासी चंद्रहास सिंह के पुत्र विराट कुमार सिंह के घर छापेमारी की गई। इसके बाद विराट सिंह की निशानदेही पर उसके दोस्त नयानगर गांव के बिरेंद्र प्रसाद सिंह के पुत्र अंजय कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह के घर की गई छापेमारी उसके घर से बड़ी मात्रा में हथियार बरामद हुआ।
बरामद हथियार में दो कट्टा, एक दो नाली बंदूक, एक मास्केट, दो राइफल, एक कारबाइन मैंगजीन सहित व कारतूस बरामद किया गया। इस मामले में विराट कुमार सिंह और अंजय कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह के अलवा नयानगर के ही गोपाल कुमार सिंह के पुत्र अमन कुमार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया।