सुपौल में चलती कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला
मां और दो बच्चों की जान बाल-बाल बची, चालक गंभीर रूप से झुलसा
सुपौल। बुधवार की रात पिपरा-त्रिवेणीगंज मुख्य मार्ग (327 ई) पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक चलती सीएनजी ऑल्टो कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। गाड़ी में सवार दो छोटे बच्चे, उनकी मां और चालक मौजूद थे। स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे इलाज के लिए एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार थुमहा से कुमारखंड की ओर जा रही थी। रात करीब 9 बजे जैसे ही वाहन पिपरा बाजार से आगे लाइन होटल के पास पहुंचा, उसमें से अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने जैसे ही गाड़ी रोकने की कोशिश की, कार सड़क किनारे खड़े चावल लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार और ट्रक दोनों में आग फैल गई।
ट्रक चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को एक सुनसान स्थान पर ले जाकर खड़ा कर दिया, जिससे आसपास के इलाके में बड़ा विस्फोट या जानमाल का नुकसान होने से बच गया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस घटना में ट्रक में लदा कई क्विंटल चावल जलकर राख हो गया, जबकि कार पूरी तरह खाक हो गई। कार में सवार लोगों की पहचान चालक गुड्डू कुमार, कंचन कुमारी, उनके 5 वर्षीय बेटे सत्यम कुमार और 3 वर्षीय बेटी स्वाति कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सभी लोग छठ पर्व मनाकर थुमहा से अपने घर कुमारखंड लौट रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर राहत कार्य नहीं होता, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।