विधानसभा चुनाव से पहले रुपौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 26.29 ग्राम स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
पूर्णिया। आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जिले में पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में रुपौली थाना पुलिस ने मंगलवार (29 अक्टूबर 2025) को वाहन जांच के दौरान 26.29 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि चुनाव को देखते हुए जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। उसी दौरान संदिग्ध वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें से मादक पदार्थ स्मैक बरामद हुआ। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह जांच की जा रही है कि वे इस अवैध कारोबार से कितने समय से जुड़े हैं तथा इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
पुलिस ने जब्त स्मैक और मोबाइल को साक्ष्य के रूप में सुरक्षित रख लिया है। वहीं, दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
स्थानीय पुलिस प्रशासन ने कहा कि चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या किसी भी तरह के अवैध गतिविधि में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।