मधेपुरा पुलिस ने बंधन बैंक के एक कर्मचारी से हुई लूटपाट के मामले में 25 हजार के इनामी बदमाश मनोहर कुमार को गिरफ्तार किया है। इसकी जानकारी शुक्रवार की शाम एसपी संदीप सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
एसपी ने बताया कि 3 अक्टूबर को सदर थाना क्षेत्र के तुनियाही खोपैती रोड में बांसबाड़ी के पास बंधन बैंक कर्मी सहरसा जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र के गढ़िया निवासी सुधांशु राज की बाइक रोककर उसके साथ मारपीट की गई थी। साथ ही उसका मोबाइल, रुपए और सोने की चकती लूट ली गई थी।
घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा
मामले में पीड़ित के बयान पर केस दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम में सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार और तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे। टीम ने छापेमारी कर 18 अक्टूबर को लूटकांड में शामिल एक आरोपी शिवाजी कुमार को गिरफ्तार किया था।
इस बीच टीम को गुप्त सूचना मिली कि उसी लूटकांड का मुख्य आरोपी भर्राही थाना का मदनपुर वार्ड-13 निवासी मनोहर कुमार सदर थाना क्षेत्र में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे सदर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। छापेमारी टीम में सदर थानाध्यक्ष के अलावा तकनीकी शाखा के धर्मेंद्र कुमार, रवि रंजन सिंह, सोनू कुमार सिंह, सिंपल कुमार, चितरंजन कुमार, कौशल कुमार और सोनू कुमार शामिल थे।
