मधेपुरा-पतरघट मुख्य के बगल में पेट्रोल पंप पर हथियार के बल पर बदमाशों ने नोजल मैन से रुपए से भरा बैग लूट लिया। बाइक सवार तीन बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया। घटना शुक्रवार रात करीब आठ बजे की है। वारदात का एक सीसीटीवी फुटेज शनिवार को सामने आया है। घटना सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखासन गांव की है।
सुखासन स्थित आर्या पेट्रोल पंप के पीड़ित नोजलमैन टुनटुन कुमार ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 8 बजे एक बाइक सवार तीन बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे और 599 रुपए का पेट्रोल बाइक में देने को कहा। पेट्रोल देने के बाद जब उनसे रुपए की मांग की तो दो युवक ने हथियार सटा दिया और 35 हजार रुपए से भरा बैग छीन लिया।
सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग
बदमाश ने धमकी दी कि अगर हल्ला करोगे तो जान से मार देंगे। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले। उन्होंने बताया कि बैग में करीब 35 हजार रुपए था। पीड़ित नोजलमैन ने शनिवार को सदर थाना में आवेदन देकर बदमाशों पर कार्रवाई की मांग की है। सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि घटना को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
