सहरसा शहर के महाराणा प्रताप चौक वार्ड 16 में दीपावली के मौके पर पटाखा फोड़ने के विवाद में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना गुरुवार रात करीब 8:30 बजे की है। घायलों की पहचान सिकंदर दास(50) उनके छोटे भाई संतोष कुमार (35), पड़ोसी जलीसा देवी (40) और शिवगंगा कुमारी (19) के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सिकंदर अपने घर लौट रहे थे।
तभी उनके दरवाजे के पास पड़ोसी नुनु लाल सादा के बेटे कृष्ण कुमार सहित अन्य युवक पटाखे जला रहा था। जिसे लेकर सिकंदर दास ने उन्हें दरवाजे से हटकर पटाखा फोड़ने के लिए कहा। इस पर युवकों ने नाराज होकर उन पर रॉड से हमला कर दिया।
मारपीट के बाद फोन भी तोड़ा
बीच-बचाव करने पहुंचे सिकंदर के छोटे भाई संतोष कुमार पर भी हमला किया गया, जिससे उनका सिर फट गया। वहीं, मामले को शांत कराने पहुंची पड़ोसी जलीसा देवीऔर शिवगंगा कुमारी को भी बुरी तरह पीटा गया। युवकों ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश कर रहे लोगों के मोबाइल को भी तोड़ दिया। घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने कहा कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामले की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
