सहरसा में आज बुधवार को शराब कारोबारी को शराब बेचने से मना करना युवक को महंगा पड़ गया। कारोबारी युवक को चाकू से वार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। आनन फानन में परिजन जख्मी युवक को सदर अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार जख्मी युवक की पहचान अनिल मुखिया के रूप में हुई है। वह सहरसा जिले के बिहरा थानां क्षेत्र के पुरुषोत्तम पुरीख का रहने वाला बताया जा रहा है। जख्मी के परिजन उपेन्द्र मुखिया ने बताया कि बोरा में भरकर शराब बेची जाती थी। मना करने पर मेरे भाई को चाकू से मारकर जख्मी कर दिया। अभी हम भाई को लेकर निजी नर्सिंग होम में हैं।
परिजन ने दो भाइयों पर आरोप लगाया है, जिन्होंने चाकू की घटना को अंजाम दिया है। उसमें एक का नाम रूपेश कुमार है और दूसरे का नाम मुकेश कुमार है। पुलिस ने मुकेश कुमार नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरा युवक अभी फरार है।
मामले को लेकर प्रशिक्षु डीएसपी सह बिहरा थानाअध्य्क्ष दयानंद भारती ने बताया कि चाकूबाजी की घटना हुई है। पुलिस ने एक भाई मुकेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अभी आवेदन नहीं मिला है। युवक की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
