Kosi Live-कोशी लाइव Saharsa Gang Rape: बिहार में चलती कार में नाबालिग से गैंगरेप, गाड़ी में लाउड म्यूजिक से दबाई पीड़िता की आवाज - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 17, 2024

Saharsa Gang Rape: बिहार में चलती कार में नाबालिग से गैंगरेप, गाड़ी में लाउड म्यूजिक से दबाई पीड़िता की आवाज



Saharsa Gang Rape: बिहार में सहरसा जिले के सदर इलाके में चलती कार में तीन लोगों ने एक नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर सामुहिक दुष्कर्म किया. पुलिस ने यह जानकारी दी. सहरसा के पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा मंगलवार को जारी एक बयान के अनुसार 16 सितंबर को सदर थानाध्यक्ष को एक नाबालिग लड़की के साथ सामुहिक दुष्कर्म होने की सूचना प्राप्त हुई. बयान के मुताबिक पीड़िता का तुरंत मेडिकल परीक्षण कराया गया . हालांकि अनुसंधानकर्ताओं को किसी भी प्रकार ‘बाहरी जख्म’ नजर नहीं आया. बयान के अनुसार इस घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सदर अनुमंडल पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. 


इस दल ने एक आरोपी और सदर थाना क्षेत्र निवासी अजित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. घटना में प्रयुक्त गाड़ी (स्कार्पियो) को बरामद कर लिया गया है. घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया है. सहरसा के पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने मंगलवार (17 सितंबर) को मीडिया से कहा कि जांचकर्ता सभी कोणों से मामले की जांच कर रहे हैं, जिसमें यह भी शामिल है कि उक्त अपराध बंदूक का भय दिखाकर किया गया था या नहीं. उन्होंने कहा कि जांच जारी है. सहरसा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बयान में कहा गया है कि पीड़िता एवं आरोपी एक ही मुहल्ले का रहने वाले हैं.
 


पीड़ित लड़की सदर थाना क्षेत्र की रहने वाला है, जिसकी उम्र तकरीबन 14 वर्ष बतायी जा रही है. इस घटना को लेकर पीड़ित लड़की ने अपने बयान में बताया कि 14 सितंबर को वह बकरी चराकर घर आ रही थी. उसी दौरान एक कार उसके पास आकर रुकी. दो लड़कों ने उसे बुलाया. उसके बाद मुझे कार में बैठने के लिए कहा, लेकिन जब मैंने मना किया तो जबरदस्ती मुझे गाड़ी में बिठा लिया. पीड़िता ने बताया कि लड़कों ने गाड़ी का शीशा लॉक कर दिया और कार का म्यूजिक तेजी से बजाने लगे ताकि उसकी आवाज बाहर नहीं जा सके.