Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:BNMU कुलपति का निकाला गया अर्थी जुलूस:छात्रों पर निलंबन की कार्रवाई के खिलाफ गुस्सा, - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 19, 2024

MADHEPURA:BNMU कुलपति का निकाला गया अर्थी जुलूस:छात्रों पर निलंबन की कार्रवाई के खिलाफ गुस्सा,


बीएन मंडल विश्वविद्यालय में विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर निलंबन की कार्रवाई के खिलाफ गुरुवार को संयुक्त छात्र संगठन की ओर से कुलपति प्रो.बीएस झा का अर्थी जुलूस निकाला गया। इस दौरान छात्र नेताओं ने विवि प्रशासन और कुलपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अर्थी जुलूस में एनएसयूआई, छात्र राजद, एआईएसएफ, आइसा, छात्र लोजपा, भीम आर्मी आदि संगठन के नेता और कार्यकर्ता शामिल थे।

छात्र नेता विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से प्रशासनिक भवन में प्रवेश कर कुलसचिव कार्यालय के सामने अर्थी को रख कर नारेबाजी की। इसके बाद परीक्षा विभाग, यूएमआईएस कार्यालय और कुलपति कार्यालय गेट के बाहर अर्थी को रख कर आक्रोश जताया।

- Dainik Bhaskar

अर्थी जुलूस में शामिल एआईएसएफ के राज्य अध्यक्ष रजनीकांत कुमार ने कहा कि आंदोलनकारी छात्रों के ऊपर विश्वविद्यालय ने निलंबन की कार्रवाई कर छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार को कुचलकर उन्हें डराने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि छात्र संगठन से जुड़े हमारे कोई भी साथी डरने वाले नहीं हैं। विवि प्रशासन को बिना कोई शर्त का निलंबन वापस लेना होगा। एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक मनीष कुमार ने कहा कि वर्तमान कुलपति प्रो. बीएस झा तानाशाही के चरम पर है। आरोपी प्रोफेसर काे परीक्षा नियंत्रक बनाने के खिलाफ आंदोलन करने वाले छात्रों के ऊपर कार्रवाई करना उचित नहीं है।

- Dainik Bhaskar

वहीं छात्र राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष अमृत कुमार अमरकांत ने कहा कि कुलपति को निलंबन का पत्र वापस लेना होगा। छात्र राजद के निवर्तमान विवि अध्यक्ष सोनू यादव ने कहा कि कुलपति डॉ. बीएस झा ने पुलिसिया और तानाशाही कार्रवाई कर विश्वविद्यालय से लोकतंत्र को खत्म कर दिया है। आइसा के विवि अध्यक्ष अरमान अली ने कहा कि कुलपति जब से आए हैं तब से सिर्फ छात्र शिक्षक कर्मचारी को परेशान करके रखा है।

अर्थी जुलूस में एआईएसएफ की राज्य परिषद सदस्य मौसम प्रिया, छात्र लोजपा के विवि अध्यक्ष जसवीर पासवान, भीम आर्मी के बिट्टू रावण, छात्र राजद के निशिकांत कुमार, नीतीश कुमार, मधुसूदन कुमार, प्रिंस कुमार, आरजू कुमार, प्रशांत कुमार, आइसा के राजकिशोर कुमार, एआईएसएफ प्रभात रंजन आदि मौजूद रहे।