Kosi Live-कोशी लाइव सलमान खान के घर फायरिंग करने वाले शूटर्स के मां-बाप दंग, 'बेटा तो बिहार से बाहर कमाने गया था.' - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, April 16, 2024

सलमान खान के घर फायरिंग करने वाले शूटर्स के मां-बाप दंग, 'बेटा तो बिहार से बाहर कमाने गया था.'


बालीवुड एक्टर सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर रविवार सुबह 4 बजकर 50 मिनट पर फायरिंग हुई। फायरिंग के बाद तुंरत वहां मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम पहुंच गई।

तुरंत सभी सीसीटीवी खंगाले गए और सोमवार आधी रात को मुंबई पुलिस ने दोनों आरोपी शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया। गुजरात के भुज से दोनों आरोपी गिरफ्तार किए गए और अब उन्हें मुंबई लाया गया है। दोनों आरोपी बिहार के रहने वाले हैं और अब उनके घरवालों से पूछताछ चल रही है।

दोनों शूटर्स विक्की साहब गुप्ता और सागर जोगेंद्र पाल बिहार के बेतिया के पश्चिमी चंपारण के रहने वाले हैं। इनकी पहचान पुलिस ने बताया कि इन दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देने से पहले 3 बार इलाके की रेकी की थी। दोनों की अब कोर्ट में पेशी होगी। वहीं गिरफ्तारी की खबर सुनकर सागर और विक्की के गांववाले हैरान हैं। विक्की के पिता और सागर के भाई को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। उनके घरवाले इस घटना से अनजान हैं, उन्हें तो हैरानी हो रही कि उनके बच्चे तो होली के बाद जालंधर कमाने गए थे पुलिस ने उन्हें कैसे गिरफ्तार कर लिया।

24 साल का विक्की और 21 साल का सागर फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में है, दोनों माता के मंदिर में छुपे हुए थे पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस से खबर मिली तो गोपनीय तरीके से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया और सोमवार की रात 1 बजे पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। दोनों ने कबूल कर लिया है कि गैलेक्सी अपार्टमेंट में गोलीबारी करने के बाद वो गुजरात पहुंच गए थे और अपनी बंदूके सूरत की नदी में फेंक दी थी।

विक्की और सागर की गिरफ्तारी से गांव वालों के उड़े होश

विक्की और सागर की गिरफ्तारी के बाद बेतिया के गौनाहा थाना क्षेत्र में कुलबुलाहट मची है। गौनाहा थाना क्षेत्र के महसी गांव के निवासी विक्की और सागर के घरवालों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गांव में जिसे भी ये पता चल रहा है उसे इस बात पर हैरानी हो रही है। लोगों का कहना है कि इन लड़कों का स्वभाव अच्छा था, पता नहीं वो इस तरह के ग्रुप में कैसे शामिल हो गए और इस तरह की घटना को अंजाम दे दिया।

सागर-विक्की के मां-बाप का बुरा हाल

मीडिया से बात करते हुए सागर के पिता जोगेंद्र ने बताया कि वो मजदूरी करते हैं और उनका लड़का कमाने बाहर गया था। सागर बड़ा लड़का है और वो घर से यह कहकर गया था कि वो कमाई करने के लिए जालंधर जा रहा है। वहीं आरोपी विक्की की मां का कहना है कि उनका बेटा होली के बाद कमाई करने यहां से बाहर गया था कल न्यूज से पता चला कि उनके लड़के को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जिस बालकनी पर ईद में आए थे सलमान वहीं चलीं गोलियां

रविवार की सुबह-सुबह दो शूटर्स बाइक से आए और दनादन गोलियां बरसाईं। सलमान के घर की दीवार पर दो गोलियां लगी हैं, वहीं एक गोली बालकनी में लगी नेट को छेदते हुए अंदर आ गई। ये वही बालकनी है जहां ईद के दिन सलमान खान अपने फैंस का अभिवादन करने आए थे।