सहरसा सदर अस्पताल परिसर के आपातकालीन कमरे के सामने रविवार देर शाम से ही एक शव पड़ा है। भर्ती मरीज और उनके परिजन लाश की बदबू से काफी परेशान हैं। लाश की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। लावारिस बुजुर्ग का इलाज अस्पताल में चल रहा था। रविवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। जिसके बाद लाश को आपातकालीन कमरे के सामने बरामदे पर कर्मियों ने रख दिया।
अस्पताल प्रशासन नहीं हटा रहा शव
एक मरीज के परिजन सोनू कुमार ने कहा कि इमरजेंसी वार्ड के सामने रविवार से ही शव पड़ा है। जो लावारिस है। काफी बदबू दे रहा है खड़ा रहना यहां मुश्किल है। यहां अस्पताल कर्मियों को बोला जा रहा है कोई सुनने को तैयार नहीं है। वहीं, सदर अस्पताल में ड्यूटी कर रहे गार्ड सोनू कुमार की माने तो रविवार से ही लावारिश मरीज का शव पड़ा हुआ है। कोई देखने वाला नहीं है। बहुत बदबू दे रहा है लोगों को काफी परेशानी हो रही है। अस्पताल प्रशासन अभी तक इसको हटा नहीं रहा है।
अस्पताल प्रबंधक सिंपी कुमारी ने कहा कि लावारिस व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस को सूचना आज मंगलवार को दे दी गई है। पुलिस अभी तक आई नहीं है। उन्होंने ये भी बताया कि लावारिस व्यक्ति कहां का था और कौन है इसका अभी पता नहीं चल पाया है।
