खगड़िया में घर में जबरन घुसकर नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर पिटाई करने का मामला सामने आया है। नाबालिग की चीख सुन बचाने आई नानी की भी मनचले द्वारा पिटाई का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित नाबालिग ने संबंधित थाना में आवेदन देकर आरोपी मनचले की शिकायत की है। जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मामला जिले के गंगौर थानान्तर्गत एक गांव का है। जहां पीड़िता का ननिहाल है और वह अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करती है।
पीड़िता ने सोमवार को थाना में दिए आवेदन में कहा है कि बीते 26 नवंबर की रात 8 बजे जब मैं घर में अकेली थी तो सुंगठिया गांव के रहने वाले अजय सिंह के पुत्र लालबाबू सिंह घर में जबरन घुसकर मेरे साथ जबरदस्ती करते हुए छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने पर मेरे मारपीट किया जाने लगा। मेरे हल्ला करने पर चचेरी नानी दौड़कर आई तो उनकी भी पिटाई की गई।
आरोपी के माता-पिता पर भी पिटाई का आरोप
पीड़िता ने आवेदन में कहा है कि इस घटनाक्रम के दौरान आरोपी लालबाबू सिंह के माता-पिता वहां पहुंचे तो उनदोनों ने मिलकर मेरी मौसी की डंडे से पिटाई कर उन्हें जख्मी कर दिया। घटना के बाद सोमवार की देर शाम सदर अस्पताल में इलाज कराने पहुंची पीड़िता और उनके रिश्तेदारों ने बताया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है।
मामले में गंगौर के थानाध्यक्ष अभिषेक गौतम ने बताया कि आवेदन के आलोक में मामले की छानबीन की जा रही है।
