HighLights
डीएमसीएच से अब तक नहीं मिली मजदूर अशोक सिंह की पोस्टमार्टम रिपोर्ट
मधुबनी। मधेपुरा डीएम विजय प्रकाश मीणा की गाड़ी से हादसे के सात दिन बाद भी न तो पीड़ित दोनों परिवारों को मुआवजा राशि मिली है और न ही पुलिस की टीम जांच करने के लिए मधेपुरा गई है। सड़क हादसे में मृतकों के स्वजन को मिलने वाली राशि के लिए समय लगेगा, यह बात पहले ही तय हो चुकी है, क्योंकि परिवहन विभाग के ट्रिब्यूनल से इसका फैसला होगा।
हैरानी की बात तो यह है कि 20 हजार रुपये के पारिवारिक लाभ की राशि तक पत्नी व बेटी को खोने वाले पीड़ित रंजीत साह को नहीं मिली है। मृतकों से संबंधित अभिलेख अब तक पूरे नहीं हुए हैं। मृतक अशोक सिंह, जिसकी मौत दरभंगा में इलाज के दौरान हुई थी, उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट डीएमसीएच से अब तक नहीं आई है।
दूसरी ओर, घटना की प्राथमिकी को ऑनलाइन नहीं किए जाने की बात को लगातार दैनिक जागरण द्वारा उठाए जाने के बाद आखिरकार पुलिस ने अपडेट कर दिया है। प्राथमिकी के मुताबिक, घटना की सूचना पुलिस को मंगलवार 21 नवंबर को सुबह आठ बजकर सात मिनट पर मिली। साढ़े 10 बजे प्राथमिकी दर्ज की गई।
मृतका की गोतनी मुन्नी देवी का फर्द बयान नौ बजे सुबह लिया गया। वहीं, पुलिस ने जब्ती सूची 8:45 बजे तैयार कर दी। जब्ती सूची में गाड़ी से मिले चार बैग को साफ गायब कर दिया गया है। थानाध्यक्ष के प्रभार में चल रहे घटना के जांच अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह का कहना है कि डीएमसीएच से पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद परिवहन विभाग को जांच रिपोर्ट भेजी जाएगी। मुआवजे का जल्द भुगतान हो, इसका प्रयास होगा।
चालक का पता लगाने आज मधेपुरा जाएगी जांच टीम
मधेपुरा डीएम की जिस गाड़ी से कुचल कर तीन लोगों की मौत हुई उसके चालक का पता लगाने के लिए जांच टीम मंगलवार को मधेपुरा जाएगी। जांच अधिकारी ने पुष्टि की है। गाड़ी जिला नजारत के नाम से है। उसपर चालक तय करना, उन्हीं का काम होता है। वहां पुलिस लिखित रूप से चालक का नाम विभाग से मांगेगी।
