कोशी लाइव/सुपौल:
महिला ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है।
सुपौल के त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र के लाल पट्टी स्थित आर्शीवाद नामक माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड शाखा में महिलाओं से ठगी की गई है। बुधवार को आक्रोशित महिलाओं ने शाखा पर जमकर बवाल काटा। ठगी की सूचना त्रिवेणीगंज थाना को दी।
इधर, पुलिस बल मौके पर पहुंची। एक बैंक कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है। तीन पीड़ित महिलाओं ने थाना में लिखित शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने दर्ज शिकायत में कहा कि हम तीनों महिलाएं लोन के रूप में पैसे लेकर और समय-समय पर किश्त जमा कर रहे थे।
बैंक के स्टाफ मिथुन कुमार ने हम तीनों से कहा कि दोबारा आप लोगों का लोन पास होगा। आप लोगों को पैसे देने होंगे। ये घटना त्रिवेणीगंज नगर परिषद क्षेत्र नरहा वार्ड-16 निवासी अबरुन खातून, मैमून खातून और नगर परिषद वार्ड -26 निवासी विभा देवी के साथ हुई है।
स्टाफ मिथुन कुमार पर आरोप है कि उसने कुल 37000 रुपए ठगे हैं। पैसे मांगने पर मिथुन ने इनकार कर दिया। इधर, ब्रांच के एफडीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि मिथुन ब्रांच में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत था। दो महीने पहले रिजाइन कर चुका है। त्रिवेणीगंज थाना अध्यक्ष के बी सिंह ने कहा कि महिलाओं ने शिकायत की है। आरोपी मिथुन कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।