Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बड़े स्मैक सिंडिकेट का भंडाफोड़, 2.435 किलो स्मैक के साथ भाई-बहन गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, October 2, 2026

BIHAR:बड़े स्मैक सिंडिकेट का भंडाफोड़, 2.435 किलो स्मैक के साथ भाई-बहन गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में बड़े स्मैक सिंडिकेट का भंडाफोड़, 2.435 किलो स्मैक के साथ भाई-बहन गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर के गायघाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित अंतरराज्यीय स्मैक सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। हनुमान नगर गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2.435 किलोग्राम स्मैक, 2.10 लाख रुपये नकद और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में सगे भाई-बहन को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर को गायघाट थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि हनुमान नगर गांव में स्मैक की बड़ी खेप पहुंची है। सूचना के आधार पर विशेष टीम ने ठिकाने की घेराबंदी कर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान शिव शंकर कुमार और उसकी बहन अंशु कुमारी को गिरफ्तार किया गया।

2,015 पुड़ियों में पैक थी स्मैक

तलाशी के दौरान पुलिस को स्मैक 2,015 छोटी-छोटी प्लास्टिक की पुड़ियों में पैक मिली। बरामद स्मैक का कुल वजन 2.435 किलोग्राम बताया गया है। इसके अलावा नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी 2 लाख 10 हजार रुपये की नकदी और चार स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन का इस्तेमाल ग्राहकों और नेटवर्क से संपर्क के लिए किया जाता था। अब जब्त मोबाइलों की जांच के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बैंक खातों की भी पड़ताल की जा रही है।

मां और पत्नी पहले ही जा चुकी हैं जेल

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के परिवार का पहले से भी एनडीपीएस एक्ट का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। बेनीबाद थाना कांड संख्या 25/24 में शिव शंकर की मां और पत्नी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, मां और पत्नी के जेल जाने के बाद शिव शंकर ने अपनी बहन अंशु के साथ मिलकर कथित रूप से इस अवैध कारोबार को आगे बढ़ाया।

कॉलेज के युवाओं तक नेटवर्क पहुंचने की आशंका

पुलिस को आशंका है कि यह नेटवर्क स्थानीय स्तर के अलावा सीमावर्ती इलाकों और कॉलेज के युवाओं तक भी फैला हुआ था। पुलिस अब गिरफ्तार भाई-बहन से पूछताछ कर स्मैक की सप्लाई कहां से आती थी, किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटा रही है।

गायघाट थाना में कांड संख्या 300/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।