सहरसा में शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से 80 हजार रुपए की छिनतई की है। महिला ने सदर थाना पहुंचकर शिकायत की है। घटना सदर थाना से मात्र 200 मीटर की दूरी पर महिला कॉलेज के पास हुई है।
पीड़ित महिला का नाम सहरानी देवी है। महिला का मायका सदर थाना क्षेत्र के सुलिन्दाबाद में है जबकि ससुराल मधेपुरा है। महिला शुक्रवार को सहरसा आई थी। प्रधान डाकघर से 80 हजार निकालकर ई रिक्शा से अस्पताल जा रही थी।
उसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने रास्ते में महिला कॉलेज के पास ई रिक्शा पर बैठी महिला के हाथ से झोला झपट कर फरार हो गए। महिला ने शोर किया लेकिन किसी ने मदद नहीं की।
पीड़ित महिला सहरानी देवी ने बताया कि प्रधान डाकघर से पैसा निकालकर बाहर निकली। पैसा लेकर ई रिक्शा पर बैठकर जा ही रही थी कि रास्ते में ही दो लड़के बाइक से आए और बैग छीनकर भाग गए। सदर थानाअध्य्क्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। आवेदन के बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।