केंद्रीय विद्यालय मधेपुरा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का भव्य विद्यारंभ एवं प्रवेशोत्सव
डीएम अभिषेक रंजन और डीडीसी अरुण कुमार ने किया शुभारंभ, बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर
पप्पू मेहता की रिपोर्ट/मधेपुरा, 28 सितंबर 2026। केंद्रीय विद्यालय, मधेपुरा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत और उनके औपचारिक शैक्षणिक जीवन की शुरुआत के अवसर पर सोमवार को विद्यारंभ एवं प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मधेपुरा के जिलाधिकारी अभिषेक रंजन और उप विकास आयुक्त अरुण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी अभिषेक रंजन और उप विकास आयुक्त अरुण कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद विद्यालय परिवार की ओर से नए विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। नवप्रवेशित बच्चों और उनके अभिभावकों के बीच कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल रहा।
डीएम ने नियमित स्कूल भेजने की अपील की
अपने संबोधन में जिलाधिकारी अभिषेक रंजन ने कहा कि विद्यारंभ बच्चों के शैक्षणिक जीवन की महत्वपूर्ण और यादगार शुरुआत है। विद्यालय में प्रवेश केवल पढ़ाई शुरू करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, संस्कार और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने की प्रक्रिया भी है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शत-प्रतिशत नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। डीएम ने कहा कि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के लिए अभिभावकों को विद्यालय और शिक्षकों के साथ लगातार समन्वय बनाकर रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चों में सीखने की जिज्ञासा, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने में विद्यालय के साथ-साथ परिवार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अभिभावक बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और घर पर पढ़ाई के लिए सकारात्मक एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएं।
डीडीसी ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं
उप विकास आयुक्त अरुण कुमार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। साथ ही निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने और पढ़ाई के साथ अपने व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने की बात कही।
प्राचार्य ने विद्यालय की गतिविधियों की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। नवप्रवेशित विद्यार्थियों को विद्यालय की कार्यप्रणाली और शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने नवप्रवेशित बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और विद्यालय के नियमों का पालन करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक, नवप्रवेशित विद्यार्थी और अन्य विद्यालय कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।