सुपौल में दो बीवियों से परेशान एक शख्स ने सुसाइड कर लिया। अजित कुमार मुखिया की उम्र 28 साल थी। पिता ने बताया कि दोनों बीवियों की वजह से वो हमेशा परेशान रहता था। एक कहती थी मुझे साथ रखो, दूसरी कहती थी मुझे। इसे लेकर अक्सर तीनों में झगड़े होते थे। मंगलवार को भी यही हुआ। झगड़े के बाद उसने साड़ी से फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। मामला मरौना थाना इलाके के कुशमॉल वार्ड-6 का है।
अजित कुमार मुखिया ने 28 साल की उम्र में दो शादियां कर रखी थी। उसकी पहली शादी 5 साल पहले हुई थी। दूसरी शादी 5 महीने पहले कर ली। नाराज होकर दोनों ही पत्नियां उसे छोड़कर चली गई थीं। इस वजह से वो परेशान रह रहा था।
मंगलवार रात उसने फोन पर लंबी बातें की। इसके बाद सोने गया तो सुबह नहीं जागा। घरवालों ने देखा तो कमरे में पंखे के सहारे साड़ी के फंदे से लटकी उसकी लाश मिली।
पहली शादी से है 2 बेटियां
अजित मुखिया के पिता योगेंद्र मुखिया ने बताया कि उसकी पहली शादी हम लोगों ने साल 2018 में हिन्दू रीति-रिवाज से की थी। उसकी पहली पत्नी भपटियाही थाना इलाके के गढ़िया निवासी रंजना कुमारी है। रंजना से दो बेटियां भी हैं। एक 4 साल की है, जबकि दूसरी 4 महीने की है।
इस बीच उसने करीब पांच माह पहले मधुबनी जिले की एक लड़की तुलसी कुमारी से कोर्ट मैंरैज कर ली। इसके बाद पहली पत्नी को उसके मायके वाले लेकर चले गए।
बाद में दूसरी पत्नी से भी उसका विवाद हो गया। वो भी छोड़कर मायके चली गई थी। अजित इस वजह से मानसिक तौर पर परेशान रहता था। रात में खाने के बाद मोबाइल से किसी से बात करते हुए सोने चला गया। बुधवार की सुबह काफी देर तक कमरे से नहीं निकला तो उसे जगाने का प्रयास किया गया। बाद में उसकी बहन ने कमरे में झांक कर देखा तो घटना की जानकारी मिली।
अजित के चचेरे भाई राजीव कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात भी उसे दोनों पत्नियों का कई बार कॉल आया था। दोनों कहते थीं कि मुझे अपने साथ रखो। सुबह घर के लोगों ने उसके कमरे में लाश देखी।
पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय दीजिए...
इधर फांसी से लटके होने की सूचना पर उसके घर के आंगन में भीड़ जमा हो गई। मौके पर मरौना थाने की पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। फिलहाल उसका शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
निर्मली एसडीपीओ राजू रंजन और मरौना थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे हैं। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।