अघोषित कटौती से परेशान थे लोग
बुधवार सुबह 5 बजे से 11 बजे तक मेंटेनेंस कार्य के लिए बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसके कारण लोग आक्रोशित हो गए थे।
एसपी बोले- फायरिंग किसके आदेश से हुई, जांच करेंगे
एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि बिजली विभाग के कार्यालय में तोड़फोड़ की गई है। लोग प्रोटेस्ट कर रहे थे। अचानक भीड़ उत्तेजित हो गई। लोगों की भीड़ में पुलिसकर्मी घिर गए थे। इस वजह से आत्मरक्षा में कुछ फायरिंग की गई थी। आगे हमलोग जांच कर रहे हैं।
इधर, पुलिस मुख्यालय की तरफ से प्रेस रिलीज जारी करके कहा गया कि भीड़ उग्र थी। थाने से 100 मीटर दूर बिजली विभाग के दफ्तर पर प्रदर्शन चल रहा था। इसमें लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर लेकर लोग पहुंचे थे।
पुलिस ने चेतावनी दी, लेकिन उग्र भीड़ नहीं मानी। पुलिस और बिजली विभाग के अफसरों पर पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए सीमित फायरिंग की। एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं। वहीं, पथराव में 12 से अधिक पुलिसकर्मी और बिजली कर्मचारी घायल हैं।
कटिहार में फायरिंग, प्रदेश में गरमाई सियासत
कटिहार में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर फायरिंग के बाद प्रदेश में सियासत गरमा गई है। विपक्ष सरकार पर हमलावर हो गया है। नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने बताया कि कटिहार में नीतीश जी की पुलिस ने गोली चलाकर आम लोगों काे मारने का काम किया। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी हाई लेवल जांच की जाएगी।
सिर में लगी गोली..पीछे जाकर फंसी
घायलों में बारसोई में पदस्थापित विद्युत कार्यालय डाटा एंट्री ऑपरेटर का छोटे भाई सोनू शाह है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। वहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नाजुक हालात में कटिहार मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशिकांत ने कहा कि युवक को भर्ती कराया गया है। आगे के हिस्से में सिर में गोली लगी है। पीछे के हिस्से में जाकर अटक गई है। कंडीशन बहुत सीरियस है। एक गोली लगी है। अभी तक निकली नहीं है।
डीएम ने की शांति समिति की बैठक
जिलाधिकारी रवि प्रकाश ने कहा कि अभी स्थिति सामान्य है। शांति समिति की बैठक की जा रही है। जिन लोगों ने भीड़ को भड़काया है, उन्हें आइडेंटिफाई कर कार्रवाई करेंगे। अभी तक एक व्यक्ति की मौत की जानकारी है और 2 घायल हैं।