नगर निगम क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए घर बनाने वालों पर अब कार्रवाई होगी। सोमवार को जिला पदाधिकारी, की अध्यक्षता में उनके कार्यालय वेश्म में आंतरिक संसाधन एवं राजस्व विभाग से संबंधित समीक्षात्मक बैठक में समीक्षा के क्रम में नगर निगम सहरसा के उप नगर आयुक्त को बिना नक्शा पास कराये भवन निर्माण करने वालों की जांच का आदेश दिया गया। साथ जिलाधिकारी वैभव चौधरी ने कहा कि दुकानदार, होटल, होर्डिंग टैक्स जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों के विरूद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। वहीं वाणिज्यकर विभाग के बड़े बकायेदारों पर छापामारी कर राजस्व बढ़ाने का निर्देश दिया गया। साथ ही जिला परिवहन पदाधिकारी को हेलमेट, प्रदूषण, शीट बेल्ट आदि की अधिक से अधिक जाँच करने एवं दोषी के विरूद्ध शस्ति अधिरोपित कर राजस्व वसूली बढ़ाने का को कहा गया।
खान एवं भूतत्व पदाधिकारी को बकाएदार ईंट भट्ठा मालिक पर कार्रवाई , बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर एवं छापामारी करने, मापतौल पदाधिकारी को दुकानदार, मंडी के छोटे दुकानदार, होटल, खाद्य निगम, धर्मकांटा, एन.एच., पेट्रोल पंप, गैस गोदाम, पीडीएस आदि की जाँच करने का निर्देश दिया गया । बैठक से अनुपस्थित रहने वाले मत्स्य पदाधिकारी, और आरईओ के कार्यपालक अभियंता सिमरी बख्तियारपुर का वेतन बंद करते हुए स्पष्टीकरण समर्पित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सिंचाई प्रमंडल, सहरसा के राजस्व निरीक्षक (मृत्युंजय कुमार) द्वारा मात्र बारह हजार रुपये की राजस्व वसूली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका आज का वेतन बंद कर स्पष्टीकरण की मांग की गयी।
भू-लगान सभी अंचलाधिकारी को राजस्व अधिकारी, कर्मचारी के साथ हल्कावार कैम्प लगाकर लगान वसूली करने का निर्देश दिया गया। आर.ओ.आर. के संबंध में सभी अंचलाधिकारी को सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। अभियान बसेरा-2 सभी अंचलाधिकारी को भूमिहीन परिवारों का शीघ्र सर्वेक्षण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।