Kosilive Supaul News:
सुपौल में एक 55 वर्षीय व्यक्ति के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनकी मौके पर मौत हो गई। इधर, मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा है। पुलिस मामले की कार्रवाई में जुटी है। घटना रतनपुरा थाना क्षेत्र के पिपराही गांव की है।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय मोहन पंडित के रूप में हुई है। वह अपने घर के दरवाजे पर सोए थे। सोने के दौरान ही बदमाशों ने मोहन पंडित के सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा कि घटना शनिवार की रात के करीब 2 बजे की है। अपराधियों ने मोहन पंडित को गोली मारने से पहले उनके घर के बिजली की तार भी काट दी थी। अंधेरे के कारण भागने के दौरान अपराधियों को कोई नहीं देख पाया।
मृतक मोहन के बेटे गौरी शंकर ने बताया कि किसी से दुश्मनी दुश्मनी नहीं थी। गोली की आवाज पर वो जब दरवाजे पर दौड़ा तो देखा कि कुछ लोग भाग रहे, लेकिन अंधेरा होने की वजह से चेहरा नहीं देख सका।
मोहन किसान थे। किसानी करके घर चलाते थे। इधर, मौके पर रतनपुरा थाना की पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुटी है। वहीं वीरपुर एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने बताया कि एक शख्स की गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। फिलहाल सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।1