Kosilive Purnia News:
पूर्णिया से महिला महाविद्यालय की दो छात्राओं के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। बाइक सवार युवक ने पूर्णिया महिला महाविद्यालय के मेन गेट के समीप ही इन लड़कियों को झांसे में लेकर अपहरण का प्रयास किया है। हालांकि बाइक सवार शख्स अपने मंसूबों में कामयाब होता, इससे पहले ही इनमें से एक ने सूझबूझ का परिचय दिया और भाग निकली। तो दूसरी छात्रा ने बाइक से कूदकर शख्स के इरादों को नाकाम कर दिया है। घटना की सूचना मिलते ही महिला थाने की टीम हरकत में आई। आसपास के सारे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी आमिर जावेद ने मामले जांच के आदेश दिए हैं।
खुद को अंकल का दोस्त बता रहा था
छात्रा ने बताया कि वह करीब 3 बजे महिला कॉलेज गेट से निकलकर गर्ल्स हाई स्कूल चौक की ओर बढ़ी। यहां एक ऑटो लिया और फिर गिरजा चौक जा रही थी। तभी एक लाल रंग की बाइक पर सवार एक शख्स उसके पास आ खड़ा हुआ। इसके बाद उसने छात्रा को अपने झांसे में लेने की कोशिश की। बाइक सवार शख्स ने खुद को अंकल का फ्रेंड बताया। छात्रा ऑटो से उतरकर बाइक पर बैठ गई। छात्रा ने जब बाइक सवार शख्स से अंकल का नाम पूछा तो बाइक सवार बातों को घुमाने लगा। इसके बाद छात्रा को शक हुआ, जिसके बाद छात्रा ने बाइक रोकने को कहा। बार -बार कहने पर भी जब बाइक सवार शख्स ने बाइक नहीं रोकी तो छात्रा गिरजा चौक के समीप बाइक से कूद गई। इसके बाद पकड़े जाने के डर से बाइक सवार मौके से फरार हो गया। लड़की ने घर पहुंचकर घरवालों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद छात्रा के साथ इसके परिजन महिला थाना पहुंचकर घटना की सारी बात बताई।
क्या कहती है पुलिस
महिला थानाध्यक्ष ने बताया कि लड़की से पूछताछ की जा रही है। लड़के का हुलिया लिया जा रहा है। तब मामला दर्ज किया जाएगा। महिला थानाध्यक्ष किरण बाला छात्रा को कंट्रोल रूम ले गई। सीसीटीवी फुटेज दिखाया है। इधर दूसरी छात्रा ने फोन पर बताया कि वह शनिवार को महिला कॉलेज में मार्कसीट लेने आई थी। इसी दौरान फोटो कॉपी कराने के लिए जब वह फोटो स्टेट की दुकान पर पहुंची तो एक बाइक सवार शख्स उसके पास आ पहुंचा। शख्स ने खुद को छात्रा के पिता का मित्र बताया। इसके बाद छात्रा को आईसक्रीम खाने का ऑफर दिया। छात्रा के मना करने के बाद भी शख्स उससे जबरदस्ती करने लगा, जिसके बाद छात्रा को शक हुआ और वहां से भागकर कॉलेज के अंदर दोबारा से दाखिल हुई। छात्रा ने कॉलेज के प्रोफेसर को घटना की जानकारी दी।
महिला थानाध्यक्ष सुष्मिता बाला ने बताया कि युवक सफेद शर्ट और टीका लगाए हुए था। पहली लड़की ने भी सफेद शर्ट और टीका लगाए हुए युवक की बात कही है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।