कोशी लाइव/बिहार:
पूर्णिया के रुपौली प्रखंड के टीकापट्टी थाना क्षेत्र में अग्निवीर अभ्यर्थी की संदिग्ध अवस्था में पेड़ से लटकी हुई लाश मिली है। मृतक की पहचान के बैरिया के बगरी टोला गांव निवासी आनंद कुमार(24) के रूप में हुई है। 8 महीने पहले ही युवक की शादी हुई थी। मृतक की लाश उसके घर बैरिया के बगरी टोला गांव से 300 मीटर दूर सत्संग मंदिर के पीछे आम के बगीचे में पेड़ से लटकी हुई मिली।परिजनों ने जमीनी विवाद में पड़ोसी पर युवक की हत्या का आरोप लगाया है।
पेड़ से लटकी मिली लाश
पड़ोसी पर युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए मृतक की दीदी प्रीति कुमार और भाई आगम कुमार ने कहा कि सोमवार शाम करीब 4 बजे उनका छोटा भाई आनंद कुमार घर से जरूरी काम की बात कहकर निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा। तो उसकी खोजबीन शुरू हुई। रात गए करीब 10 बजे गांव के ही कुछ ग्रामीणों ने सत्संग मंदिर के पीछे पेड़ से लटकी आनंद की लाश देखी। इसके बाद वे भागे दौड़े आम के बगीचे मे पहुंचे। जहां उनका भाई संदिग्ध अवस्था में पेड़ से झूलता हुआ मिला। आनंद के शरीर पर ताजे जख्म के कई निशान हैं। वह आत्महत्या नहीं कर सकता है। उसे मारकर लटकाया गया है।
पड़ोसी के बेटे से था विवाद
गांव के ही पड़ोसी से आनंद का जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका भाई पढ़ने में तेज था। उसने अग्निविर परीक्षा की दौड़ और मेडिकल पास कर लिया था। लिखित परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पड़ोसी का बेटा भी इस परीक्षा की तैयारी कर रहा था। मगर वह यह परीक्षा नहीं निकाल सका था। जिसके बाद वह भाई से ईर्ष्या की भावना रखने लगा। कुछ दिन पहले हुई नोकझोक में पड़ोसी के बेटे ने मार देने की धमकी दी थी। गरीब होने के बावजूद उन लोगों ने अपने भाई को मेहनत से पढ़ाया। जिसकी उन लोगों ने मिलकर हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।
टीकापट्टी थाना के सिपाही सुशील पासवान ने कहा कि पुलिस को सूचना मिली कि बैरिया के बगरी टोला गांव में एक युवक की लाश पेड़ से लटकी हुई है। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमॉर्टम में जुट गई है।