Kosi Live-कोशी लाइव 1.30 करोड़ के ब्राउन शुगर और MDMA के साथ तस्कर धराया! बिहार में ANTF की बड़ी रेड, कट्टा और कैश भी बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, September 17, 2026

1.30 करोड़ के ब्राउन शुगर और MDMA के साथ तस्कर धराया! बिहार में ANTF की बड़ी रेड, कट्टा और कैश भी बरामद

किशनगंज में 1.30 करोड़ के मादक पदार्थ जब्त, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

किशनगंज जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के लोहागाड़ा हाट में एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक कथित अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 1.30 करोड़ रुपए मूल्य के 405 ग्राम हेरोइन (ब्राउन शुगर) और 183 ग्राम MDMA बरामद किया गया है। कुल 588 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई 16 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर की गई। गुप्त सूचना मिली थी कि लोहागाड़ा हाट निवासी बब्लु गिरी अपने घर में मादक पदार्थ छिपाकर उसकी खरीद-बिक्री कर रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और बहादुरगंज थाना पुलिस की टीम ने बब्लु गिरी के घर पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने बब्लु गिरी, पिता स्व. खगेश्वर गिरी, निवासी वार्ड संख्या-5, लोहागाड़ा हाट, थाना बहादुरगंज को गिरफ्तार कर लिया।

हथियार और नकदी भी बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मादक पदार्थों के अलावा एक देशी कट्टा, दो तलवार, छह मोबाइल फोन, छह डेबिट कार्ड, तीन फोन-पे स्कैनर और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया। इसके साथ ही 1 लाख 1 हजार 300 रुपए नकद भी जब्त किए गए।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, मादक पदार्थों के स्रोत और बिक्री के ठिकानों का पता लगाने में जुटी है। तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच कर उसे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 597/26 दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट, चोरी और शराबबंदी कानून से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की गतिविधियों की गहन जांच कर रही है।

Kosi Live की रिपोर्ट | किशनगंज न्यूज़