Kosi Live-कोशी लाइव Bihar News: District जज को जान से मार दिया जाएगा...', डाक से आया धमकी भरा पत्र, महकमे में हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 16, 2023

Bihar News: District जज को जान से मार दिया जाएगा...', डाक से आया धमकी भरा पत्र, महकमे में हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

Kosilive Bihar News:
समस्तीपुर : व्यवहार न्यायालय के पीठासीन पदाधिकारी सह मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) को डाक से पत्र भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी भरा पत्र मिलने के बाद से महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय व्यवहार न्यायालय के पीठासीन पदाधिकारी सह मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी को डाक से पत्र भेजकर जान से मारने की धमकी दी गई है। उक्त लिफाफे पर प्रेषक का नाम अंगारघाट थाना के चैता दक्षिणी निवासी रामाशीष दास के पुत्र शालिग्राम कनौजिया का है।


जानकारी के मुताबिक, प्रभारी मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी धर्मेंद्र सिंह के समक्ष शुक्रवार की सुबह करीब 10:30 बजे पत्र खोला, जिसमें दो पर्चियों में न्याय की कुर्सी पर बैठने वालों को जान से मारने की धमकी दी गई है।

 इसको लेकर सीजेएम ऑफिस के जीआर लिपिक राजीव कुमार ने नगर थाना में आवेदन देकर मामला दर्ज कराया है। इसमें धमकी भरा पत्र भेजने वाले रामाशीष दास के पुत्र शालिग्राम कनौजिया को नामजद आरोपी बनाया गया है। कहा जा रहा है कि यह सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने की साजिश हो सकती है।

अपर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सदर डीएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि सीजेएम कार्यालय के लिपिक ने मामला दर्ज कराया है, जिसके आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने धमकी भरा पत्र भी जब्‍त कर लिया है।

प्रेषक के नाम और पता का सत्यापन किया जा रहा है। पत्र शालिग्राम कनौजिया ने ही भेजा है या फिर उसके नाम से किसी और ने भेजा है, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।