Kosi Live Purnea News/
पूर्णिया में पंजाब से लौटे युवक को नशाखुरानी गिरोह ने अपना शिकार बनाया।
पूर्णिया में पंजाब से लौटे युवक को नशाखुरानी गिरोह ने अपना शिकार बनाया। युवक रविवार सुबह कोसी एक्सप्रेस ट्रेन से तड़के सुबह 4:15 में पूर्णिया कोर्ट स्टेशन पहुंचा। यहां नशाखुरानी गिरोह ने युवक को भरोसे में लेकर बातों ही बातों में उसे निशाला बिस्किट खिलाया। युवक के बेहोश होते ही नशाखुरानी गिरोह ने युवक के बैग में रखे 50 हजार कैश, पारिवारिक सदस्यों के लिए लाए गिफ्ट्स से भरा बैग लेकर फरार हो गए। युवक की खोज खबर न पाकर घरवाले थाने में किसी अनहोनी के डर से अपनी कंप्लेन लिए थाने पहुंचे। देर शाम पुलिस को युवक बेहोशी की हालत में नहर किनारे मिला।
युवक की पहचान श्रीनगर के मखनाहा निवासी मनीष कुमार पासवान के रूप में हुई है। मनीष के भाई प्रकाश पासवान ने बताया कि मनीष पंजाब में काम करता है। वह करीब 6 महीने बाद छुट्टी लेकर रविवार सुबह 4:15 में कोसी एक्सप्रेस ट्रेन से कोर्ट स्टेशन पूर्णिया उतरा।
पूर्णिया कोर्ट स्टेशन उतरने के बाद उसने घर पर फोन कर बताया कि वह कोर्ट स्टेशन उतर गया है। जनता चौक से श्रीनगर जानेवाली ऑटो में बैठ कर घर के लिए निकल गया है। परिजनों ने बताया कि इसके कुछ देर बाद से ही मनीष का फोन बंद आने लगा। जब वह सुबह 6 बजे तक घर नहीं पहुंचा तो सबकी बेचैनी बढ़ने लगी। मनीष को खोजते हुए श्रीनगर से पूर्णिया पहुंच गए। यहां जनता चौक ऑटो वाले से पूछताछ की। स्टेशन पर जीआरपी पुलिस के पास गए। मगर देर दोपहर तक कोई खोज खबर नहीं मिली।
प्रकाश ने बताया कि इसके बाद वे रविवार को दोपहर करीब 3 बजे केहाट थाना में मनीष कुमार के गायब होने की लिखित सूचना देने पहुंचे। सूचना के बाद केहाट थाना की पुलिस भी पंजाब से लौटे यूवक की खोजबीन में जुट गई। देर शाम करीब 6 बजे पुलिस को ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि गठिया बलूआ नहर किनारे एक अज्ञात युवक पड़ा है।
पुलिस के साथ वे नहर पर पहुंचे। यहां मनीष बेहोशी की हालत में नहर पर पड़ा था। इसके बाद मनीष को उठाकर श्रीनगर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां मनीष का इलाज चल रहा है। इलाज के बाद होश आने पर मनीष ने पुलिस को बताया कि उसे कुछ युवकों ने बिस्कूट खिलाया था। उसके बाद क्या हुआ उसे कुछ पता नहीं है। उसने पुलिस को बताया कि उसके पास करीब 50 हजार कैश व घर वालों के नए कपड़े थे। जिसे उनसे बैग में रखा हुआ था। इसे नशाखुरानी गिरोह ने लूट लिया।
समूचे मामले को लेकर के.हाट थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि श्रीनगर का रहने वाला मनीष कुमार पासवान बलूआ नहर पर बेहोशी की हालत में मिला है। पुलिस परिजनों की लिखित शिकायत के आधार पर नशाखूरानी गिरोह की धड़पकड़ में जुट गई है।