खगड़िया में रेलवे सुरक्षा बल ने जनसेवा एक्सप्रेस में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रेन में चेन पुलिंग कर शराब की खेप उतारने की कोशिश कर रहा था। उसके पास से 45 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, गाड़ी संख्या 14617 अप जनसेवा एक्सप्रेस में अपराधी गतिविधियों की निगरानी और एसीपी (अलार्म चेन पुलिंग) रोकथाम के लिए आरपीएफ टीम को खगड़िया से बेगूसराय तक तैनात किया गया था। इसी दौरान ट्रेन उमेश नगर और साहेबपुर कमाल स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 134/01 के पास चेन पुलिंग के कारण रुक गई।
घटना की सूचना मिलते ही ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के एएसआई रणबीर कुमार, प्रधान आरक्षी अजय कुमार यादव, सुरेंद्र कुमार, प्रीतम कुमार, जितेंद्र राय और आरक्षी सुमन कुमार पासवान संबंधित कोच में पहुंचे। जांच के दौरान कोच संख्या एनआर 216198 के गेट पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला, जो ट्रेन से उतरने का प्रयास कर रहा था।
युवक के पास दो काले रंग के पिट्ठू बैग और तीन नीले रंग के प्लास्टिक बोरे थे। पूछताछ में वह पहले टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में स्वीकार किया कि बैग और बोरों में अंग्रेजी शराब रखी हुई है। उसने बताया कि वह उमेश नगर और साहेबपुर कमाल स्टेशन के बीच चेन पुलिंग कर शराब की खेप उतारने की कोशिश कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चौथम थाना क्षेत्र के सिसवा सोहरवा गांव निवासी प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। वह मंटुन प्रसाद यादव का पुत्र बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 45 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 33.750 लीटर और अनुमानित कीमत 22,983 रुपये बताई गई है।
इस मामले में रेल थाना में कांड संख्या 33/26 दिनांक 15 मई 2026 दर्ज किया गया है। वहीं अवैध चेन पुलिंग के मामले में आरपीएफ पोस्ट में रेल अधिनियम के तहत कांड संख्या 483/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।