Kosilive Madhepura News/
पूर्णिया के रघुवंश नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजमपट्टी निवासी अभिमन्यु कुमार को अपराधियों ने मधेपुरा के ग्वालपाड़ा बाजार के समीप सरसंडी नहर के पास गोली मार दी। मोबाइल टॉवर के समीप अभिमन्यु को सीने में गोली मारकर अपराधी उदाकिशुनगंज की ओर बाइक से भाग निकला। घायल अभिमन्यु को स्थानीय लोगों ने ग्वालपाड़ा पीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घायल ग्वालपाड़ा में कोचिंग संस्थान चलाता है। उदाकिशुनगंज रोड में विगत 10 वर्षों से घर बनाकर रह रहा है। घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन बताया जा रहा है कि कोचिंग संस्थान में पढ़ने वाली छात्रा या किसी अन्य लड़की को लेकर कोई विवाद हुआ था, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि इस मामले को लेकर कोई भी कुछ बताने से इंकार कर रहा है।
वहीं ग्वालपाड़ा थानाध्यक्ष विजय पासवान ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।